कोरबा जिले के ग्राम मानिकपुर, मागामार, चैतमा, पाली तानाखार विधानसभा क्षेत्र में 11 मई को एक नई राजनीतिक पार्टी, जनता शक्ति पार्टी छत्तीसगढ़ का औपचारिक गठन किया गया। इस अवसर पर आयोजित एक दिवसीय कार्यक्रम में संस्थापक राष्ट्रीय अध्यक्ष राजगुरु केवल गोस्वामी, जो छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के अधिवक्ता और पूर्व लोकसभा प्रत्याशी कोरबा हैं, ने पार्टी की स्थापना की घोषणा की। सभा में उपस्थित जनसमूह ने तालियों और जयकारों के साथ उनका स्वागत किया।
कार्यक्रम की शुरुआत छत्तीसगढ़ महतारी की विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुई। राष्ट्रीय अध्यक्ष और अन्य पदाधिकारियों का माल्यार्पण के साथ स्वागत किया गया। राष्ट्रीय महासचिव भारती ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की जनता को एकजुट करने और शिक्षा के माध्यम से नया छत्तीसगढ़ बनाने का समय आ गया है। राष्ट्रीय सचिव डॉ. लक्ष्मण सिंह चौहान ने जनता से पार्टी के साथ जुड़कर परिवर्तन की लहर में शामिल होने की अपील की।
संस्थापक सदस्य कोमल गोस्वामी ने गरीबी और भुखमरी मुक्त छत्तीसगढ़ का सपना दोहराया, जबकि दिलीप खूंटे ने छत्तीसगढ़ियों के हक और अधिकारों की वकालत की। सुख चैन मिरी ने पार्टी के गठन को समयानुकूल और सफलता की ओर अग्रसर बताया। युवा अध्यक्ष पंडित हरीश आचार्य, विक्की महाराज और लक्ष्मी मिरी ने युवा विकास पर जोर दिया।
राष्ट्रीय अध्यक्ष राजगुरु केवल गोस्वामी ने अपने संबोधन में कहा कि जनता शक्ति पार्टी का गठन बेरोजगारी, महंगाई, भ्रष्टाचार, महिला उत्पीड़न, पलायन और शोषण मुक्त छत्तीसगढ़ बनाने के संकल्प के साथ किया गया है। उन्होंने जल, जंगल, जमीन के संरक्षण और मुफ्त स्वास्थ्य-शिक्षा की वकालत की। उन्होंने मजदूर, किसान, व्यापारी और विद्यार्थी हितों में कार्य करने का वादा किया।
कार्यक्रम संयोजक हिंसाराम यादव को कोरबा जिला अध्यक्ष का दायित्व सौंपा गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में संतोष मरावी, होरी सिंह कंवर, प्रेम नाथ केवट, प्रयाग कंवर, धन बाई कंवर, कृष्णा बाई, सुदामा बाई, सुरभवन कंवर, रमेश चौहान, दिनेश यादव, शंकर कुमार, कमर लाल दास, बीनू कुमार, जगन्नाथ केवट, मनींद्रपाल सिंह, अखिल आयम, करण मरावी और कौशल सिंह का योगदान रहा।
पार्टी के गठन से छत्तीसगढ़ में उत्साह की लहर है। राष्ट्रीय सचिव डॉ. लक्ष्मण सिंह चौहान ने बताया कि यह कार्यक्रम पूरी तरह सफल रहा और जनता का समर्थन पार्टी के उज्ज्वल भविष्य का संकेत है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
