रेलवे ने जारी किया नोटिस, सेकेंड एंट्री और यात्री सुविधाओं के विकास के लिए लिया निर्णय
कोरबा।कोरबा रेलवे स्टेशन की सेकेंड एंट्री (दूसरे प्रवेश द्वार) और यात्री सुविधाओं के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर मंडल ने एसईसीएल की मानिकपुर व्हार्फ लोडिंग साइडिंग से कोयले की आउटवर्ड लोडिंग 26 नवंबर 2026 से बंद करने का निर्णय लिया है। इस संबंध में रेलवे प्रशासन ने आधिकारिक नोटिस जारी कर एसईसीएल प्रबंधन को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
रेलवे द्वारा जारी पत्र के अनुसार, सक्षम प्राधिकारी ने कोरबा यार्ड की लाइन नंबर-18 पर स्थित एसईसीएल की मानिकपुर व्हार्फ लोडिंग साइडिंग से होने वाली आउटवर्ड लोडिंग बंद करने की अनुमति प्रदान कर दी है।इस निर्णय से एसईसीएल की मानिकपुर साइडिंग से रेल मार्ग के जरिए बाहर भेजे जाने वाले कोयले की लोडिंग निर्धारित तिथि से बंद हो जाएगी। रेलवे ने इस संबंध में साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड के तकनीकी निदेशक (प्रोजेक्ट एंड प्लानिंग) को भी सूचित कर दिया है।
सेकेंड एंट्री के विकास के लिए लिया गया निर्णय
रेलवे प्रशासन ने यह कदम कोरबा रेलवे स्टेशन के दूसरे प्रवेश द्वार के निर्माण और वहां यात्री सुविधाओं के विकास के उद्देश्य से उठाया है। मानिकपुर साइडिंग का उपयोग बंद होने से संबंधित क्षेत्र को यात्री सुविधाओं के विस्तार के लिए व्यवस्थित करने का अवसर मिलेगा। इससे स्टेशन के सेकेंड एंट्री क्षेत्र में विकास कार्यों को आगे बढ़ाने का रास्ता साफ होने की उम्मीद है।
26 नवंबर से पहले हटाना होगा बचा हुआ कोयला
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक विशाल गर्ग (IRTS) ने एसईसीएल के तकनीकी निदेशक को पत्र जारी कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है। निर्देश के मुताबिक, लोडिंग प्लेटफॉर्म क्षेत्र में शेष बचा कोयला और अन्य परिसंपत्तियां, यदि कोई हों, उन्हें निर्धारित तिथि से पहले हटा लिया जाना है। इसके साथ ही की गई कार्रवाई की जानकारी रेलवे के संबंधित कार्यालय को उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।
रेलवे के नोटिस में स्पष्ट है लोडिंग बंद करने का आदेश
रेलवे के पत्र में 26 नवंबर 2026 से मानिकपुर व्हार्फ लोडिंग साइडिंग की आउटवर्ड लोडिंग बंद करने की बात स्पष्ट रूप से कही गई है। हालांकि, इसमें पूरी साइडिंग अथवा संबंधित क्षेत्र को स्थायी रूप से बंद करने का उल्लेख नहीं है। इसलिए इसे फिलहाल कोयले की बाहरी लोडिंग बंद करने के निर्णय के रूप में ही देखा जा रहा है।
रेलवे के इस फैसले से कोरबा स्टेशन की सेकेंड एंट्री के विकास और यात्री सुविधाओं के विस्तार को लेकर नई उम्मीद जगी है। अब देखना होगा कि निर्धारित समय-सीमा में एसईसीएल प्रबंधन शेष कोयला और अन्य सामग्री हटाने की कार्रवाई किस तरह पूरी करता है।

Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
