बालकोनगर। भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) ने गुणवत्ता और तकनीकी दक्षता के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस) की लेबोरेटरी रिकग्निशन स्कीम (एलआरएस) के तहत बालको की प्रयोगशाला को मान्यता प्रदान की गई है। यह मान्यता प्रयोगशाला की तकनीकी क्षमता और राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप एल्युमिनियम उत्पादों का गुणवत्ता मूल्यांकन एवं परीक्षण करने की दक्षता को प्रमाणित करती है।
बालको की प्रयोगशाला को आठ भारतीय मानकों (आईएस) के तहत यह मान्यता मिली है। इसके साथ ही बालको भारतीय एल्युमिनियम उद्योग की उन अग्रणी कंपनियों में शामिल हो गया है, जिन्हें अपनी प्रयोगशाला के लिए बीआईएस की यह मान्यता प्राप्त हुई है। इससे कंपनी की गुणवत्ता आश्वासन व्यवस्था और परीक्षण क्षमताओं को मजबूती मिलेगी। साथ ही विनिर्माण प्रक्रियाओं में गुणवत्ता नियंत्रण बेहतर होने के साथ उद्योग से जुड़े बाहरी हितधारकों को भी लाभ मिलेगा।
इस मान्यता के बाद बालको की प्रयोगशाला विभिन्न प्रकार के एल्युमिनियम उत्पादों का निर्धारित मानकों के अनुरूप परीक्षण और गुणवत्ता मूल्यांकन कर सकेगी। यह उपलब्धि उत्पादों की विश्वसनीयता, प्रचालन उत्कृष्टता और तकनीकी नवाचार के प्रति कंपनी की प्रतिबद्धता को भी दर्शाती है।
बालको के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं पूर्णकालिक निदेशक राजेश सिंह ने कहा कि भारत वैश्विक विनिर्माण महाशक्ति बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। ऐसे में गुणवत्ता, विश्वसनीयता और नवाचार औद्योगिक विकास की प्रमुख पहचान होंगे। बालको की प्रयोगशाला को बीआईएस की मान्यता मिलना विश्वस्तरीय तकनीकी क्षमताओं के विकास, उत्पाद उत्कृष्टता और ग्राहक विश्वास के प्रति कंपनी की प्रतिबद्धता का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि मजबूत गुणवत्ता प्रणाली के माध्यम से कंपनी देश के सक्षम एल्युमिनियम उद्योग के विकास में योगदान दे रही है, जो भारत के औद्योगिक विकास और ऊर्जा परिवर्तन के लक्ष्यों को समर्थन देगा।
बालको देश के प्रमुख एल्युमिनियम उत्पादकों में शामिल है।
कंपनी विद्युतीकरण, परिवहन, ऑटोमोबाइल, निर्माण, इंजीनियरिंग, पैकेजिंग और नवीकरणीय ऊर्जा जैसे क्षेत्रों की जरूरतों के अनुरूप उत्पाद उपलब्ध कराती है। बीआईएस प्रमाणन उत्पादों की गुणवत्ता, सुरक्षा और विश्वसनीयता सुनिश्चित करने के साथ ग्राहकों का भरोसा मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
कंपनी गुणवत्ता प्रबंधन, पर्यावरण संरक्षण, ऊर्जा दक्षता और व्यावसायिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा के क्षेत्र में भी कई अंतरराष्ट्रीय मानकों का अनुपालन करती है। इनमें गुणवत्ता प्रबंधन प्रणाली के लिए आईएसओ 9001:2015, ऑटोमोबाइल क्षेत्र के उत्पादों के लिए आईएटीएफ 16949:2016, प्रयोगशालाओं की तकनीकी दक्षता के लिए आईएसओ/आईईसी 17025:2017 के तहत एनएबीएल मान्यता, पर्यावरण प्रबंधन के लिए आईएसओ 14001:2015, ऊर्जा प्रबंधन के लिए आईएसओ 50001:2018 तथा व्यावसायिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा प्रबंधन के लिए आईएसओ 45001:2018 शामिल हैं।
बालको प्रबंधन के अनुसार, गुणवत्ता संबंधी बुनियादी ढांचे, आधुनिक परीक्षण सुविधाओं और प्रक्रियागत उत्कृष्टता में लगातार निवेश के जरिए कंपनी ग्राहकों की बदलती जरूरतों के अनुरूप उच्च गुणवत्ता वाले एल्युमिनियम समाधान उपलब्ध कराने के लिए प्रयासरत है। यह पहल देश के विनिर्माण क्षेत्र को मजबूती देने और औद्योगिक विकास में योगदान की दिशा में भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
