बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने भाजपा ने बनाई योजना 

कोरबा। भारतीय जनता पार्टी जिला कोरबा की कोर कमेटी की एक बैठक टीपी नगर स्थित जिला भाजपा कार्यालय में हुई। यह बैठक भाजपा जिला अध्यक्ष गोपाल मोदी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। इसमें संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की कार्ययोजना बनाई गई।


इस दौरान संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय और सशक्त करने के लिए रणनीति तैयार की गई। जनसंपर्क अभियानों के माध्यम से कार्यकर्ता सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने के संकल्प को दोहराया गया। सामाजिक सेवा, स्वास्थ्य शिविर, स्वच्छता अभियान और युवा संवाद जैसे कार्यक्रमों का आयोजन प्रस्तावित किया गया। कार्यकर्ताओं के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम तथा संगठनात्मक संवाद बैठकों की योजना बनाई गई।

डिजिटल माध्यमों के उपयोग से सूचना प्रसार और जनसंपर्क को और प्रभावशाली बनाने जोर डाला। बैठक में उपस्थित सभी नेताओं ने एकमत से यह संकल्प लिया कि पार्टी के मूल संगठनात्मक आदर्शों, अनुशासन और समर्पण को कायम रखते हुए आगामी कार्यक्रमों को पूरी प्रतिबद्धता के साथ क्रियांवित किया जाएगा।

बैठक में मंत्री लखन लाल देवांगन, प्रेमचंद पटेल विधायक कटघोरा, ननकी राम कंवर प्रदेश कार्यसमिति सदस्य, गोपाल साहू जिला संगठन प्रभारी, गोपाल मोदी जिला अध्यक्ष, मनोज शर्मा पूर्व जिला अध्यक्ष, संजू देवी राजपूत महापौर, डा.राजीव कुमार सिंह, ज्योति नंद दुबे प्रदेश विशेष आमंत्रित सदस्य उपस्थित रहे।