छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस की बहुप्रचारित ‘संविधान बचाओ रैली’, जो गुरुवार को बिलासपुर में आयोजित होने वाली थी, को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। पार्टी सूत्रों ने बताया कि जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले और भारतीय सेना की जवाबी कार्रवाई ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के मद्देनजर देश की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। इस रैली में प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट के शामिल होने की योजना थी।
रैली की जिम्मेदारी पूर्व मंत्री उमेश पटेल को सौंपी गई थी, जो बिलासपुर से इसकी शुरुआत करने वाले थे। इसके बाद इसे प्रदेश के सभी जिलों में आयोजित करने की योजना थी।
प्रदेश कांग्रेस का कहना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जातीय जनगणना पर अचानक बदले रुख को पार्टी अपनी वैचारिक जीत मान रही थी।
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि भाजपा, जो पहले जातीय जनगणना को देश तोड़ने की साजिश बताती थी, अब इसे ‘मास्टरस्ट्रोक’ कह रही है। इसी को आधार बनाकर ‘विजय सभा’ के रूप में यह रैली आयोजित करने का फैसला लिया गया था।
पार्टी ने बताया कि कांग्रेस हाईकमान के निर्देश पर रैली को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित किया गया है। नई तारीख की घोषणा परिस्थितियां सामान्य होने के बाद की जाएगी।
स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं ने इस निर्णय का सम्मान करते हुए कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा और संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए यह कदम उचित है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
