कोरबा। छत्तीसगढ़ होमगार्ड विभाग में 1715 महिला नगर सैनिक (छात्रावास ड्यूटी) और 500 नगर सैनिक (जनरल ड्यूटी) के रिक्त पदों पर भर्ती के लिए प्रक्रिया आगे बढ़ रही है। वर्ष 2024 में रायपुर, बिलासपुर, जगदलपुर और अंबिकापुर के चार संभागीय केंद्रों में आयोजित शारीरिक मापजोख एवं दक्षता परीक्षा के बाद 20,137 अभ्यर्थियों को लिखित परीक्षा के लिए चयनित किया गया है। चयनित अभ्यर्थियों की सूची होमगार्ड विभाग की वेबसाइट पर उपलब्ध है।
लिखित परीक्षा 22 जून 2025 को छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापम) द्वारा रायपुर, बिलासपुर, जगदलपुर और अंबिकापुर में आयोजित की जाएगी। अभ्यर्थियों के लिए छ.ग. व्यापम की वेबसाइट पर पंजीयन और आवेदन सबमिट करना अनिवार्य है।
इसके लिए विभाग द्वारा आबंटित एप्लीकेशन आईडी और जन्म तिथि का उपयोग करना होगा। व्यापम द्वारा पंजीयन नंबर पर ही प्रवेश पत्र जारी किया जाएगा। जो अभ्यर्थी पंजीयन और आवेदन सबमिट नहीं करेंगे, वे लिखित परीक्षा से वंचित रहेंगे, और इसकी जिम्मेदारी स्वयं अभ्यर्थी की होगी।
होमगार्ड विभाग ने स्पष्ट किया है कि पूर्व में जमा किए गए ऑनलाइन आवेदन पत्र में किसी भी प्रकार का सुधार या संशोधन स्वीकार नहीं किया जाएगा।
अभ्यर्थियों से अपील की गई है कि वे समय रहते व्यापम की वेबसाइट पर आवेदन प्रक्रिया पूरी करें, ताकि लिखित परीक्षा में शामिल होने का अवसर न छूटे। विभाग ने यह भी कहा कि इस संबंध में किसी भी पत्राचार पर विचार नहीं किया जाएगा।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
