कोरबा। एसईसीएल की कुसमुंडा परियोजना से प्रभावित चन्द्रनगर जटराज गांव में मंगलवार सुबह तनाव का माहौल बन गया, जब प्रबंधन बड़ी-बड़ी मशीनों के साथ खुदाई के लिए पहुंचा। सुबह करीब 10 बजे ग्रामीणों को इसकी भनक लगी तो पुरुष, महिलाएं और छोटे बच्चों सहित बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंचे और मशीनों के सामने बैठकर विरोध जताया। ग्रामीणों ने खुदाई कार्य को रोकते हुए बसाहट में मूलभूत सुविधाओं की कमी का मुद्दा उठाया।
सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए कुसमुंडा टीआई रूपक शर्मा, दीपका थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू, एसआई भावना खंडारे, सर्वमंगला चौकी प्रभारी एएसआई विभव तिवारी सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने ग्रामीणों को मशीनों के सामने से हटाने की कोशिश की, जिस दौरान झूमाझटकी और नोंकझोंक की स्थिति बनी। पुलिस ने ग्रामीणों को समझाया कि यह सरकारी कार्य है और इसमें बाधा न डाली जाए, साथ ही कार्यरत कर्मियों को नुकसान न पहुंचाया जाए।
बात बिगड़ते देख प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एसडीएम और तहसीलदार को मौके पर भेजा। समाचार लिखे जाने तक ग्रामीणों, एसईसीएल अधिकारियों और प्रशासन के बीच वार्ता जारी थी। प्रशासन और पुलिस गतिरोध को सुलझाने की कोशिश में जुटी थी।
ग्रामीणों का आरोप है कि एसईसीएल ने उन्हें सर्वमंगला मंदिर के पास मैदान में बसाहट तो दी, लेकिन वहां पानी, बिजली, समतलीकरण या अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं। ग्रामीणों का कहना है कि बसाहट क्षेत्र में अभी समतलीकरण का काम चल रहा है, ऐसे में उन्हें गांव से बेदखल करना अन्यायपूर्ण है।
उन्होंने बच्चों की शिक्षा पर भी चिंता जताई। एक ग्रामीण ने बताया कि कलेक्टर ने आश्वासन दिया था कि बसाहट की सुविधाएं पूरी होने तक कोई बेदखली या खुदाई नहीं होगी, लेकिन प्रबंधन ने इसकी अनदेखी की।
प्रशासन ने मशीनों के सामने से ग्रामीणों को हटाकर खुदाई शुरू कराने की कोशिश की, लेकिन ग्रामीण अड़े रहे। समाचार लिखे जाने तक बैठक और चर्चा का दौर जारी था।
इस मामले में विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा है। ग्रामीणों ने मांग की है कि जब तक बसाहट में सभी सुविधाएं पूरी नहीं हो जातीं, तब तक उन्हें उजाड़ा न जाए।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
