दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में 7 मई को सिविल डिफेंस वॉर मॉक ड्रिल का आयोजन किया जा रहा है। कलेक्टर अभिजीत सिंह के निर्देशानुसार, शाम 7:30 से 7:45 बजे तक सेक्टर 1 और 9 के अस्पतालों को छोड़कर पूरे शहर में ब्लैकआउट लागू रहेगा। इस दौरान विद्युत आपूर्ति बंद रहेगी, और जनरेटर, इन्वर्टर, इमरजेंसी लाइट, मोबाइल टॉर्च सहित किसी भी प्रकाश उपकरण का उपयोग प्रतिबंधित होगा। सड़कों पर चलने वाले वाहनों को रुककर अपनी लाइटें बंद करनी होंगी। भिलाई स्टील प्लांट ने इस संबंध में विज्ञप्ति जारी कर जनता से सख्ती से पालन की अपील की है।
कलेक्टर की अध्यक्षता में हुई बैठक में पुलिस, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, सीआईएसएफ, होमगार्ड, स्वास्थ्य विभाग और अन्य एजेंसियों ने हिस्सा लिया। भिलाई स्टील प्लांट को संवेदनशील स्थल मानते हुए इसे मॉक ड्रिल का प्रमुख केंद्र बनाया गया है। इसके अलावा, पुलगांव, इंदिरा मार्केट, भिलाई टाउनशिप सेक्टर-6, मॉल और पावर हाउस क्षेत्रों में भी सायरन अलर्ट जारी होंगे। सायरन बजने पर जनता को तैयार वीडियो में दिए निर्देशों का पालन करने और अफवाहों से बचने की सलाह दी गई है।
स्वास्थ्य विभाग ने आपात स्थिति के लिए 1000 बेड आरक्षित किए हैं, जिनमें 800 ऑक्सीजन युक्त हैं। जिला अस्पताल, सिविल अस्पताल और मेडिकल कॉलेज को एकीकृत कर घायलों के लिए तत्काल चिकित्सा सुविधा सुनिश्चित की गई है। होमगार्ड, रेस्क्यू टीमें, एनडीआरएफ, सीआईएसएफ और पुलिस बलों के लिए एक कॉमन कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है।
एसडीआरएफ कमांडेंट नागेन्द्र सिंह ने बताया कि मॉक ड्रिल में सायरन, चेतावनी संदेश, इंडियन एयर फोर्स से रेडियो और हॉटलाइन संपर्क, कंट्रोल रूम और शैडो कंट्रोल रूम की सक्रियता शामिल होगी। स्कूलों और जनता को सुरक्षा प्रशिक्षण दिया जाएगा। फायर ब्रिगेड और वार्डन टीमें भी सक्रिय रहेंगी। जिला प्रशासन ने जनता से इस अभ्यास में सहयोग और जागरूकता की अपील की है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
