कोरबा। पब्लिक ट्रांसपोर्ट का उद्देश्य किफायती और सुविधाजनक यात्रा सुनिश्चित करना है, लेकिन कोरबा से संचालित इंटर स्टेट बसों में किराए के नाम पर जमकर लूट मची है। उत्तरप्रदेश, बिहार और झारखंड जाने वाली बसों में मनमाना किराया वसूलने की शिकायतें सामने आई हैं। यात्रियों का आरोप है कि बस मालिक मनमौजी किराया वसूल रहे हैं, जिससे गरीब और मध्यम वर्गीय यात्रियों की जेब पर भारी बोझ पड़ रहा है।
भाजपा नेता अनिल चौरसिया ने इस मुद्दे को कोरबा जिला परिवहन अधिकारी के समक्ष उठाया है। उन्होंने बताया कि एक स्लीपर सीट के लिए दो लोगों का नियम होने के बावजूद, चार लोगों से किराया वसूला जा रहा है। गर्मी के मौसम में यात्रियों की बढ़ती संख्या के बीच यह मनमानी और तेज हो गई है। चौरसिया ने आरोप लगाया कि कुछ बस मालिक राजनीतिक संरक्षण का लाभ उठाकर नियमों की धज्जियां उड़ा रहे हैं।
परिवहन विभाग द्वारा ओवरलोडिंग पर कार्रवाई तो की जाती है, लेकिन इंटर स्टेट बसों की इस दुर्दशा पर ध्यान नहीं दिया जा रहा। चौरसिया ने परिवहन अधिकारी से अत्यधिक किराया वसूलने वाली बसों पर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। यात्रियों का कहना है कि मजबूरी में वे इस लूट को सहने को मजबूर हैं, लेकिन अब इस मनमानी के खिलाफ आवाज उठने लगी है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















