दुर्ग। रिसाली क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक सनसनीखेज हत्याकांड ने इलाके में हड़कंप मचा दिया। वार्ड क्रमांक 31 के तालाब के पास बिजली के खंभे के निकट दोपहर 3:30 से 4:00 बजे के बीच मोहन ताम्रकर उर्फ मेकुरू की हत्या कर दी गई। हत्या का कारण शराब पीने को लेकर हुआ विवाद बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, मोहन ताम्रकर ने कुछ युवकों को तालाब के पास शराब पीने से मना किया, जिसके बाद विवाद बढ़ गया। गुस्से में आकर आरोपी डोमेन्द्र ने कांच की बोतल तोड़कर मोहन पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही नेवई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इलाके में घेराबंदी कर आरोपी डोमेन्द्र को कुछ ही समय में गिरफ्तार कर लिया। सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में शराब पीने से रोकने को लेकर विवाद की बात सामने आई है। पुलिस ने आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी है और हत्या के मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
इस घटना से रिसाली क्षेत्र में सनसनी फैल गई है और स्थानीय लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है ताकि घटना के सभी पहलुओं का पता लगाया जा सके।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

