कोरबा पावर लिमिटेड के सामने दर्दनाक सड़क हादसा, कर्मचारी की मौत

ड्यूटी से घर लौट रहे युवक को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, मौके पर ही गई जान; पुलिस जांच में जुटी

कोरबा। कोरबा पावर लिमिटेड के सामने हाईवे पर 30 सितंबर की देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक कर्मचारी की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि मृतक ड्यूटी पूरी करने के बाद अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान किसी अज्ञात वाहन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, घटना रात करीब 11:30 बजे कोरबा पावर लिमिटेड के सामने हाईवे पर हुई। हादसे की सूचना मिलते ही डायल-112 और पुलिस टीम मौके पर पहुंची।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मरच्यूरी भेज दिया। गुरुवार को शव का पोस्टमार्टम कराया गया।

सूत्रों के मुताबिक मृतक की पहचान मुकेश कुमार, निवासी पताड़ी के रूप में बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि मुकेश कोरबा पावर लिमिटेड के अंतर्गत अनुबंधित कंपनी में कार्यरत था और ड्यूटी खत्म होने के बाद घर लौट रहा था। इसी दौरान अज्ञात वाहन की चपेट में आने से यह हादसा हो गया।

घटना के बाद पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस घटनास्थल के आसपास उपलब्ध साक्ष्यों और संभावित सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है।

हादसे की खबर के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। वहीं, स्थानीय ग्रामीणों में भी घटना को लेकर नाराजगी बताई जा रही है। फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और हादसे के लिए जिम्मेदार वाहन एवं चालक की पहचान करने का प्रयास जारी है।