गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर, अज्ञात के खिलाफ जांच में जुटी पुलिस
कोरबा। बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र के ग्राम जवाली-अभयपुर में देर रात मानवता को झकझोर देने वाली घटना सामने आई। यहां धान के खेत में एक नवजात बच्ची लावारिस हालत में पड़ी मिली। बच्ची के रोने की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्काल उसे सुरक्षित बाहर निकालकर उपचार के लिए कटघोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
घटना की सूचना मिलते ही बांकीमोंगरा पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी सत्यम साहू के निर्देशन में पुलिस नवजात को खेत में छोड़कर जाने वाले अज्ञात व्यक्ति की तलाश में जुटी है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में जानकारी जुटाने के साथ ही संभावित सीसीटीवी फुटेज की भी जांच कर रही है।
सुबह 4:10 बजे अस्पताल पहुंची बच्ची
कटघोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की बीएमओ डॉ. रश्मि सिंह के अनुसार, नवजात बच्ची को तड़के करीब 4:10 बजे अस्पताल लाया गया था। प्राथमिक उपचार के दौरान बच्ची की सांसें तेज चल रही थीं। उसकी स्थिति को देखते हुए बेहतर उपचार के लिए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
क्षेत्र में तीसरी ऐसी घटना
स्थानीय लोगों के अनुसार, बांकीमोंगरा क्षेत्र में नवजात के लावारिस अवस्था में मिलने की यह तीसरी घटना बताई जा रही है। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं से क्षेत्रवासियों में चिंता और नाराजगी है। लोगों ने पुलिस से मामले की गंभीरता से जांच कर नवजात को खेत में छोड़ने वाले व्यक्ति की पहचान कर उचित कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों व स्थानीय जानकारी के आधार पर अज्ञात व्यक्ति की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















