पीएम जनमन से बदली डोंगानाला के जंगलपारा की तस्वीर, 40 बिरहोर परिवारों को मिला सुगम आवागमन
कोरबा।बारिश शुरू होते ही कीचड़ से पट जाने वाला रास्ता, पैदल चलना भी मुश्किल और बच्चों के स्कूल जाने तक में परेशानी… विकासखंड पाली के दूरस्थ ग्राम डोंगानाला के जंगलपारा में रहने वाले बिरहोर परिवारों के लिए यह लंबे समय से रोजमर्रा की चुनौती थी। अब इसी रास्ते पर पक्की सड़क बन जाने से ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली है।
प्रधानमंत्री जनजातीय आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम जनमन) के तहत निर्मित सड़क ने बस्ती को सुगम आवागमन की सुविधा से जोड़ दिया है।
167.20 लाख की लागत से 2.38 किलोमीटर सड़क
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत अटल चौक से जंगलपारा तक 2.38 किलोमीटर सड़क का निर्माण करीब 167.20 लाख रुपये की लागत से किया गया है। मार्ग में सीसी सड़क के साथ डामर सड़क का निर्माण भी किया गया है।
सड़क बनने से जंगलपारा में निवासरत विशेष पिछड़ी जनजाति बिरहोर समुदाय के करीब 40 परिवारों को आवागमन में सुविधा मिल रही है। बारिश के दिनों में जिस रास्ते से निकलना मुश्किल होता था, अब उसी मार्ग से ग्रामीण अपेक्षाकृत आसानी से आ-जा रहे हैं।
कीचड़ से मिली राहत, बच्चों की राह भी हुई आसान
बस्ती के सुनहर सिंह बिरहोर बताते हैं कि पहले बारिश के मौसम में रास्ते की स्थिति खराब हो जाती थी। पक्की सड़क बनने के बाद अब आने-जाने में काफी आसानी हो गई है।
गीता बाई के अनुसार, पहले रास्ते में काफी परेशानी होती थी। अब सड़क बनने से आवागमन आसान हुआ है और बच्चे भी स्कूल आने-जाने में सुविधा महसूस कर रहे हैं।
गांव के किसान पुनो राम पटेल पुराने दिनों को याद करते हुए बताते हैं कि बारिश के दौरान सड़क पर घुटनों तक कीचड़ जमा हो जाता था। ऐसे में बस्ती तक पहुंचना मुश्किल होता था। पक्की सड़क बनने के बाद इस समस्या से राहत मिली है।
सड़क बनी जरूरी सेवाओं तक पहुंच की नई राह
जंगलपारा के बिरहोर परिवारों के लिए यह सड़क सिर्फ आवागमन का साधन नहीं, बल्कि स्कूल और अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंच का सुगम माध्यम बन गई है।
बारिश में जिस रास्ते पर कदम-कदम पर परेशानी होती थी, वहां अब पक्की सड़क ने ग्रामीणों की रोजमर्रा की आवाजाही को आसान किया है।
ग्रामीणों के लिए सड़क का निर्माण बुनियादी सुविधा के साथ-साथ बेहतर आवागमन और बच्चों की शिक्षा तक पहुंच के लिहाज से भी महत्वपूर्ण बदलाव के रूप में सामने आया है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















