हरदीबाजार बायपास पर डिवाइडर से टकराई बाइक, SECL कर्मी के बेटे की मौत

साथी गंभीर रूप से घायल; रात के अंधेरे में हुआ हादसा, स्ट्रीट लाइट की कमी पर भी उठे सवाल

कोरबा।हरदीबाजार बायपास मार्ग पर गुरुवार रात हुए सड़क हादसे में SECL के फोरमैन शंकर सिंह राठौर के पुत्र प्रशांत सिंह राठौर की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया गया कि मोटरसाइकिल सवार दोनों युवक बायपास मार्ग पर डिवाइडर से टकरा गए। हादसे के दौरान मार्ग पर पर्याप्त रोशनी नहीं होने की बात भी सामने आई है।

जानकारी के अनुसार,1 अक्टूबर की रात करीब 10 बजे प्रशांत सिंह राठौर अपने साथी के साथ मोटरसाइकिल से हरदीबाजार से दीपका की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान बायपास मार्ग पर उनकी मोटरसाइकिल डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर के बाद दोनों सड़क पर गिरकर घायल हो गए।

घटना के बाद वहां से गुजर रहे एक राहगीर ने इसकी सूचना परिजनों को दी। परिजन तत्काल मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को उपचार के लिए गेवरा स्थित अस्पताल ले गए।

चिकित्सकों ने जांच के बाद प्रशांत सिंह राठौर को मृत घोषित कर दिया। वहीं उसके साथी की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए SECL के विभागीय अस्पताल कोरबा रेफर किया गया।

पोस्टमार्टम के बाद अंतिम संस्कार
घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजनों और परिचितों में शोक की लहर दौड़ गई। शुक्रवार दोपहर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रशांत सिंह राठौर का अंतिम संस्कार किया गया।

बायपास की स्ट्रीट लाइट व्यवस्था पर सवाल
स्थानीय लोगों के अनुसार हरदीबाजार बायपास मार्ग के कुछ हिस्सों में रात के समय पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था नहीं होने से वाहन चालकों को परेशानी होती है। इसी मार्ग पर हुए हादसे के बाद स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का निर्धारण जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।