कोरबा, कटघोरा, दीपका और हरदीबाजार क्षेत्र में औषधि विभाग की कार्रवाई; कुछ दुकानों से दवाओं के सैंपल भी लिए
कोरबा।औषधियों की गुणवत्ता और उनके क्रय-विक्रय पर निगरानी के लिए खाद्य एवं औषधि प्रशासन के औषधि विभाग ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में मेडिकल स्टोर्स का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान पांच मेडिकल दुकानों के संचालक औषधियों के क्रय-विक्रय से संबंधित अभिलेख मौके पर प्रस्तुत नहीं कर सके। इन संचालकों को कारण बताओ सूचना पत्र जारी करने की कार्रवाई की जा रही है।
औषधि विभाग की टीम ने कोरबा नगर निगम क्षेत्र के अलावा कटघोरा, दीपका, हरदीबाजार तथा पोड़ी-उपरोड़ा और करतला विकासखंड क्षेत्र की मेडिकल दुकानों का निरीक्षण किया। कार्रवाई का उद्देश्य औषधियों की गुणवत्ता, उनके खरीदी-बिक्री रिकॉर्ड तथा बिना चिकित्सकीय पर्चे के प्रतिबंधित अथवा नियंत्रित श्रेणी की दवाओं के विक्रय पर निगरानी रखना था।
इन दवा दुकानों की हुई जांच
निरीक्षण के दौरान हरदीबाजार क्षेत्र में मेसर्स शर्मा मेडिकल स्टोर्स और मेसर्स मां संतोषी मेडिकल स्टोर्स, कटघोरा में मेसर्स गोपाल मेडिकल स्टोर्स, मेसर्स महादेव एजेंसी एवं मेसर्स याका मेडिकल स्टोर्स सहित विभिन्न मेडिकल दुकानों की जांच की गई।
कोरबा नगर निगम क्षेत्र में मेसर्स आर.व्ही. एंटरप्राइजेस, मेसर्स गरिमा मेडिकल स्टोर्स, मेसर्स अभिषेक मेडिकल, मेसर्स मेडिसिन कॉर्नर, मेसर्स महामाया मेडिकल स्टोर्स, मेसर्स सपना मेडिकल स्टोर्स, एनटीपीसी हॉस्पिटल कैंपस, मेसर्स वर्षा केमिस्ट जेलगांव, मेसर्स साहू मेडिकोज दर्री, मेसर्स हनुमान मेडिकल स्टोर्स जेलगांव, मेसर्स सर्वमंगला मेडिकल जेलगांव तथा मेसर्स विभोर फार्मा का भी निरीक्षण किया गया।
इसी तरह पोड़ी-उपरोड़ा ब्लॉक में मेसर्स पीएम जन औषधि तथा करतला ब्लॉक में मेसर्स पारस मेडिकल स्टोर्स और मेसर्स लक्ष्मी मेडिकल स्टोर्स की जांच की गई।
नारकोटिक और शेड्यूल एच-एच1 दवाओं की भी जांच
निरीक्षण के दौरान नारकोटिक दवाओं, शेड्यूल एच, एच-1 सहित अन्य औषधियों के क्रय-विक्रय से जुड़े अभिलेख और नियमों के पालन की जांच की गई। विभागीय टीम ने दुकानों में दवाओं के रिकॉर्ड, उपलब्धता और बिक्री संबंधी दस्तावेजों का परीक्षण किया।
जांच के दौरान पांच मेडिकल स्टोर्स के संचालक औषधियों के क्रय-विक्रय संबंधी अभिलेख मौके पर प्रस्तुत नहीं कर सके। विभाग द्वारा संबंधित संचालकों को कारण बताओ नोटिस जारी कर नियमानुसार स्पष्टीकरण मांगा जाएगा।
विभागीय टीम द्वारा कुछ मेडिकल दुकानों से दवाओं के नमूने भी लिए गए हैं। इन नमूनों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत आगे की जांच में शामिल किया जाएगा। औषधि विभाग ने स्पष्ट किया कि मेडिकल स्टोर्स में औषधि नियमों के पालन की जांच आगे भी जारी रहेगी।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















