सामाजिक, सांस्कृतिक, साहित्यिक, शैक्षणिक, खेल सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले युवाओं और स्वैच्छिक संगठनों को मिलेगा सम्मान
कोरबा। छत्तीसगढ़ शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा युवाओं और स्वैच्छिक संगठनों के उत्कृष्ट कार्यों को प्रोत्साहित करने तथा उन्हें राज्य स्तर पर पहचान दिलाने के उद्देश्य से युवा रत्न सम्मान योजना संचालित की जा रही है।
योजना के तहत सामाजिक, सांस्कृतिक, साहित्यिक, शैक्षणिक, खेल सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले युवाओं एवं स्वैच्छिक संगठनों को सम्मानित किया जाएगा।
स्वैच्छिक संगठन को पांच लाख, युवाओं को भी मिलेगा सम्मान
योजना के तहत एक स्वैच्छिक संगठन और 14 विभिन्न क्षेत्रों में एक-एक उत्कृष्ट युवा का चयन कर सम्मानित किया जाएगा। चयनित स्वैच्छिक संगठन को पदक, शाल, प्रशस्ति प्रमाण-पत्र के साथ पांच लाख रुपये की सम्मान राशि प्रदान की जाएगी।
इसी तरह छत्तीसगढ़ युवा रत्न के रूप में चयनित युवा को दो लाख 50 हजार रुपये, जबकि अन्य युवा रत्न सम्मान के लिए चयनित युवाओं को एक लाख रुपये की सम्मान राशि के साथ पदक, शाल और प्रमाण-पत्र प्रदान किया जाएगा।
30 अक्टूबर तक जमा कर सकते हैं आवेदन
युवा रत्न सम्मान योजना के लिए पात्र युवाओं से 30 अक्टूबर 2026 तक आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। प्राप्त आवेदनों का जिला स्तरीय चयन समिति द्वारा परीक्षण किया जाएगा। समिति की अनुशंसा के बाद पात्र युवाओं के आवेदन राज्य स्तरीय चयन समिति के समक्ष प्रस्तुत किए जाएंगे। राज्य स्तरीय समिति के परीक्षण के बाद अंतिम चयन किया जाएगा।
जिले के पात्र स्वैच्छिक संगठन एवं युवा अपने आवश्यक प्रमाण-पत्रों के साथ कार्यालयीन अवधि में जिला खेल एवं युवा कल्याण कार्यालय, कोरबा में आवेदन जमा कर सकते हैं।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















