कोरबा। शराब सेवन और विद्यालय से लगातार अनुपस्थित रहने के मामले में जिला शिक्षा अधिकारी कोरबा ने शासकीय प्राथमिक शाला आश्रम सरभौका के सहायक शिक्षक राजेश कुमार बंजारे को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
जानकारी के अनुसार 5 अगस्त 2026 को सहायक शिक्षक के शराब के नशे में गांव में घूमने, शराब सेवन करने तथा विद्यालय से अनुपस्थित रहने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। मामले में विकासखंड शिक्षा अधिकारी पोड़ी उपरोड़ा के प्रतिवेदन के आधार पर शिक्षक को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। निर्धारित अवधि में उनके द्वारा जवाब प्रस्तुत नहीं किया गया।
विभागीय आदेश में कहा गया है कि शिक्षक के विद्यालय से अधिक समय तक अनुपस्थित रहने के कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही थी। उनके कृत्य को घोर लापरवाही, उदासीनता, स्वेच्छाचारिता एवं अनुशासनहीनता मानते हुए छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम, 1965 के प्रावधानों के विपरीत माना गया है।
जिला शिक्षा अधिकारी ने छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम, 1966 के नियम 9 एवं 10 के तहत शिक्षक राजेश कुमार बंजारे को निलंबित किया है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, पोड़ी उपरोड़ा निर्धारित किया गया है। उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677















