10 दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो चक्काजाम की चेतावनी, जनपद सदस्य मोनिका भगत के नेतृत्व में पहुंचे ग्रामीण
कोरबा। जनपद पंचायत क्षेत्र क्रमांक 20 की जनपद सदस्य मोनिका अरविंद भगत के नेतृत्व में ग्राम पंचायत नकटीखार के जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने गांव की वर्षों से लंबित जनहित मांगों को लेकर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने मांगों पर जल्द कार्रवाई करते हुए समस्याओं का निराकरण कराने की मांग की है।
ज्ञापन में ग्रामीणों ने प्राथमिक स्कूल से तालाबपारा तक पुलिया एवं सुगम आवागमन की व्यवस्था करने, जर्जर स्कूल भवन के स्थान पर स्वीकृत नए भवन का निर्माण कराने तथा मसाहती त्रुटियों एवं भूमि रिकॉर्ड में सुधार के लिए राजस्व शिविर लगाने की मांग की है।
इसके अलावा किसानों के लंबित राजस्व प्रकरणों का निराकरण, विभिन्न मोहल्लों में सीसी सड़क निर्माण तथा खेल मैदान के लिए सामुदायिक वनाधिकार पट्टा जारी करने सहित अन्य मांगें भी रखी गई हैं।
10 दिन में कार्रवाई नहीं तो चक्काजाम
ग्रामीणों ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि ज्ञापन में उल्लेखित मांगों पर 10 दिनों के भीतर ठोस कार्रवाई नहीं की गई, तो नकटीखार में चक्काजाम कर आंदोलन किया जाएगा। ग्रामीणों ने कहा कि आंदोलन से उत्पन्न होने वाली स्थिति की जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
ज्ञापन पर जनप्रतिनिधियों के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीणों के हस्ताक्षर हैं। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि प्रशासन उनकी वर्षों पुरानी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए जल्द समाधान की दिशा में आवश्यक कदम उठाएगा।

Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677















