मेडिकल कॉलेज का निर्माण युद्ध स्तर पर पूरा करें : स्वास्थ्य मंत्री जायसवाल

भुलसीडीह में निर्माणाधीन स्व. बिसाहूदास महंत स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय का किया निरीक्षण, गुणवत्ता से समझौता नहीं करने के निर्देश

कोरबा। लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा चिकित्सा शिक्षा मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने बुधवार को भुलसीडीह स्थित निर्माणाधीन स्व. बिसाहूदास महंत स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने मेडिकल कॉलेज परिसर का जायजा लेते हुए निर्माण कार्य की प्रगति, मास्टर प्लान, वर्क प्लान और प्रस्तावित सुविधाओं की जानकारी ली। मंत्री ने अधिकारियों को निर्माण कार्य युद्ध स्तर पर पूरा करने के निर्देश देते हुए स्पष्ट कहा कि गुणवत्ता से किसी भी स्थिति में समझौता नहीं होना चाहिए।

निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य विभाग के सचिव अमित कटारिया, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के प्रबंध निदेशक संजीव झा, कलेक्टर कुणाल दुदावत, मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. केके सहारे, डॉ. यूएस पैकरा, डॉ. गोपाल कंवर सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

फेज-1 और फेज-2 की ली जानकारी
मंत्री ने मेडिकल कॉलेज परिसर के विभिन्न हिस्सों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने उन्हें निर्माण की वर्तमान स्थिति और परिसर में विकसित की जा रही सुविधाओं की जानकारी दी। उन्होंने फेज-1 एवं फेज-2 के कार्यों की अलग-अलग प्रगति की समीक्षा करते हुए सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने के निर्देश दिए।

इस दौरान प्रस्तावित गर्ल्स एवं बॉयज हॉस्टल, पार्किंग, डायनिंग एरिया, इनडोर स्टेडियम, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स सहित अन्य सुविधाओं का भी जायजा लिया गया।

तकनीकी मानकों का कड़ाई से पालन
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि मेडिकल कॉलेज क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण स्वास्थ्य अधोसंरचना है। इसका निर्माण समयबद्ध तरीके से पूरा होने पर क्षेत्र के लोगों को उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधाओं का लाभ मिलेगा। उन्होंने निर्माण में निर्धारित मापदंडों और तकनीकी मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने तथा गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

उन्होंने अधिकारियों से निर्माण कार्य की नियमित मॉनिटरिंग करने और कार्य में आने वाली बाधाओं का आपसी समन्वय से तत्काल निराकरण करने को कहा।

नर्सिंग कॉलेज का काम जल्द शुरू कराने के निर्देश
मंत्री ने प्रस्तावित नर्सिंग कॉलेज की भी जानकारी ली।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों से वर्तमान स्थिति और आगामी कार्ययोजना की जानकारी लेते हुए निर्माण कार्य जल्द प्रारंभ कराने के निर्देश दिए।

मेडिकल कॉलेज परिसर में होगा वृहद पौधरोपण
मंत्री जायसवाल ने मेडिकल कॉलेज परिसर को हरित और आकर्षक स्वरूप देने पर भी जोर दिया। उन्होंने कलेक्टर को परिसर में वृहद पौधरोपण की कार्ययोजना तैयार करने तथा छायादार एवं पर्यावरण अनुकूल पौधे लगाने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि हरित क्षेत्र विकसित होने से विद्यार्थियों, मरीजों, उनके परिजनों और अस्पताल के कर्मचारियों को स्वच्छ एवं सुखद वातावरण मिलेगा।