बारिश के बीच निकली भव्य तिरंगा यात्रा, राष्ट्रभक्ति से गूंजा कोरबा

गोपाल मोदी के नेतृत्व में सीतामढ़ी से घंटाघर तक निकली यात्रा,बारिश की बौछारों के बीच भी नहीं डिगा कार्यकर्ताओं का उत्साह

कोरबा।राष्ट्रव्यापी ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत गुरुवार को कोरबा में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी के नेतृत्व में आयोजित यात्रा में भारी बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, युवा, छात्र-छात्राएं और राष्ट्रप्रेमी नागरिक शामिल हुए। हाथों में तिरंगा और जुबां पर ‘भारत माता की जय’ व ‘वंदे मातरम्’ के नारों से शहर का माहौल देशभक्ति से सराबोर रहा।

यात्रा का शुभारंभ दोपहर 3 बजे सीतामढ़ी से हुआ। यहां से उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन, भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी सहित भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता तिरंगा लेकर बाइक रैली के रूप में रवाना हुए।

रैली सीएसईबी चौक पहुंची, जहां से सभी ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर घंटाघर तक पदयात्रा की।

यात्रा में महापौर संजू देवी राजपूत, विधायक प्रेमचंद पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह, जिला सह प्रभारी बृजेन्द्र शुक्ला, सह संभाग प्रभारी डॉ. राजीव सिंह, पूर्व महापौर जोगेश लांबा, जिला महामंत्री संजय शर्मा व अजय विश्वकर्मा, जिला कोषाध्यक्ष अजय पांडेय सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

बारिश भी नहीं रोक सकी देशभक्ति का जज्बा
तिरंगा यात्रा के दौरान तेज बारिश होती रही, लेकिन कार्यकर्ताओं और नागरिकों का उत्साह कम नहीं हुआ। हाथों में तिरंगा लिए लोग लगातार आगे बढ़ते रहे। मार्ग में जगह-जगह नागरिकों ने यात्रा का स्वागत किया। ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के नारों से पूरा शहर गूंज उठा।

वक्ताओं ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति सम्मान, गौरव और समर्पण की भावना को मजबूत करने वाला जनअभियान है।

तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। इसके माध्यम से राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देशभक्ति का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

घंटाघर पहुंचने के बाद वंदे मातरम् के जयघोष के साथ तिरंगा यात्रा का समापन हुआ। बारिश के बीच निकली इस यात्रा ने कोरबा में स्वतंत्रता दिवस से पहले राष्ट्रभक्ति का माहौल और अधिक उत्साहपूर्ण बना दिया।