मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल, दोनों पक्षों ने बांकीमोंगरा थाने में दर्ज कराई शिकायत
कोरबा। बांकीमोंगरा स्थित सनशाइन स्कूल के बाहर गुरुवार शाम छुट्टी के समय छात्रों के दो गुटों के बीच मारपीट हो गई।
स्कूल के सामने मुख्य मार्ग पर हुई मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना में एक छात्र की शर्ट भी फट गई। मामले में दोनों पक्षों ने बांकीमोंगरा थाने पहुंचकर एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।
जानकारी के अनुसार सनशाइन स्कूल में कक्षा पहली से 12वीं तक की कक्षाएं संचालित होती हैं। गुरुवार शाम करीब 5 बजे छुट्टी के बाद किसी बात को लेकर छात्रों के दो गुटों में विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्ष सड़क पर ही एक-दूसरे से हाथ-मुक्कों से मारपीट करने लगे। इस दौरान मुख्य मार्ग से गुजर रहे लोगों के बीच भी अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मारपीट में शामिल कुछ छात्र स्कूल ड्रेस में नहीं थे और बाइक से मौके पर पहुंचे थे। इससे उनके स्कूल के बाहर से आने की आशंका जताई जा रही है। घटना का वीडियो किसी व्यक्ति ने बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।


स्कूल प्रबंधन की निगरानी पर सवाल
घटना के बाद स्थानीय लोगों और अभिभावकों ने सनशाइन स्कूल प्रबंधन की सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि छुट्टी के समय स्कूल के बाहर विद्यार्थियों की भीड़ रहती है, ऐसे में मुख्य मार्ग पर निगरानी और सुरक्षा की पर्याप्त व्यवस्था होनी चाहिए। लोगों का यह भी कहना है कि स्कूल के बाहर पहले भी विवाद की घटनाएं सामने आती रही हैं।
मारपीट के बाद दोनों पक्ष बांकीमोंगरा थाने पहुंचे और एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
घायलों का मुलाहिजा कराया गया है। पुलिस वायरल वीडियो सहित घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच कर रही है।
शिक्षण संस्थान के बाहर मुख्य सड़क पर छात्रों के बीच हुई मारपीट की घटना से अभिभावकों में चिंता है।
अभिभावकों ने सनशाइन स्कूल प्रबंधन से छुट्टी के समय निगरानी व्यवस्था मजबूत करने और विद्यार्थियों में अनुशासन एवं आपसी विवाद से बचने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
