स्थायी स्टैंड नहीं होने से यातायात व्यवस्था प्रभावित, दुकानदारों और राहगीरों की बढ़ी परेशानी
कोरबा।ट्रांसपोर्टनगर में स्थायी पार्किंग और स्टैंड की व्यवस्था नहीं होने का खामियाजा अब आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है। मालवाहक और टैक्सी वाहनों के लिए निर्धारित स्थान नहीं होने के कारण शहर की सड़कें और प्रमुख चौराहे अघोषित स्टैंड में तब्दील होते जा रहे हैं। सड़क किनारे दिनभर खड़े भारी वाहनों से यातायात प्रभावित होने के साथ दुर्घटना का खतरा भी बना रहता है।
ट्रांसपोर्टनगर क्षेत्र में बड़े और छोटे मालवाहक वाहनों के मालिकों व चालकों की अलग-अलग यूनियनें हैं। स्थायी स्टैंड के अभाव में वाहन बस स्टैंड के आसपास, मुख्य मार्गों के किनारे और टीपी नगर की अंदरूनी सड़कों पर खड़े कर दिए जाते हैं। सुबह से देर शाम तक सड़क किनारे वाहनों की कतार लगी रहने से कई स्थानों पर सड़क की चौड़ाई कम हो जाती है और व्यस्त मार्गों पर जाम की स्थिति निर्मित होती रहती है।
टैक्सी वाहनों के लिए भी नहीं है व्यवस्थित स्टैंड
समस्या केवल मालवाहकों तक सीमित नहीं है। टैक्सी परमिट पर संचालित चारपहिया यात्री वाहनों के लिए भी शहर में व्यवस्थित स्टैंड नहीं है। ट्रांसपोर्टनगर चौक के आसपास व्यावसायिक क्षेत्रों में ग्राहकों के लिए निर्धारित पार्किंग स्थानों पर भी टैक्सी वाहन लंबे समय तक खड़े रहते हैं। इससे खरीदारी के लिए पहुंचने वाले लोगों को वाहन खड़ा करने में परेशानी होती है।
व्यापारिक गतिविधियां बढ़ीं, पार्किंग व्यवस्था कमजोर
ट्रांसपोर्टनगर में रोजाना बड़ी संख्या में मालवाहक वाहनों का आवागमन होता है और क्षेत्र में व्यापारिक गतिविधियां भी लगातार बढ़ रही हैं। इसके बावजूद वाहनों की पार्किंग के लिए पर्याप्त और व्यवस्थित स्थान चिन्हित नहीं किए गए हैं।
व्यापारियों का कहना है कि प्रशासन को मालवाहकों के लिए उपयुक्त स्थान चिन्हित कर स्थायी स्टैंड विकसित करना चाहिए।
व्यवस्थित पार्किंग बनने से सड़क किनारे खड़े वाहनों से राहत मिलने के साथ यातायात भी सुचारू हो सकेगा। इससे वाहन चालकों को भी सुविधा मिलेगी और आम लोगों के लिए सड़कें सुरक्षित होंगी।
कार्रवाई के साथ स्थायी समाधान जरूरी
सड़क किनारे खड़े वाहनों को हटाने की कार्रवाई से कुछ समय के लिए समस्या कम हो सकती है, लेकिन स्थायी समाधान के लिए वैकल्पिक पार्किंग स्थल उपलब्ध कराना जरूरी है। व्यापारियों का कहना है कि प्रशासन को केवल वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय मालवाहक और टैक्सी वाहनों के लिए दीर्घकालिक पार्किंग योजना तैयार करनी चाहिए।
जनहित का सवाल यह है कि शहर के प्रमुख व्यापारिक एवं परिवहन केंद्र ट्रांसपोर्टनगर में मालवाहकों और टैक्सियों के लिए व्यवस्थित स्टैंड और पर्याप्त पार्किंग की सुविधा आखिर कब विकसित होगी?
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
