कोरबा। रेल संचालन में बड़ी चूक सामने आई है, जब शनिवार सुबह छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस की लोकल सेवा गलत सिग्नल के कारण गेवरा रोड स्टेशन के बजाय एसईसीएल की कुसमुंडा कोल लोडिंग साइडिंग में पहुंच गई। इस घटना से ट्रेन में सवार यात्रियों में हड़कंप मच गया और रेलवे प्रशासन में खलबली मच गई।
बिलासपुर डिवीजनल कमर्शियल मैनेजर (डीसीएम) ने तत्काल कार्रवाई करते हुए कोरबा के स्टेशन मास्टर एके जायसवाल और कुसमुंडा के स्टेशन मास्टर जितेश दास को निलंबित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस, जो अमृतसर से बिलासपुर, रायपुर और नागपुर के रास्ते चलती है, हर रोज सुबह 7:30 बजे बिलासपुर से गेवरा तक लोकल ट्रेन के रूप में संचालित होती है। शनिवार को यह ट्रेन निर्धारित समय पर कोरबा स्टेशन पहुंची और कुछ देर रुकने के बाद गेवरा रोड की ओर रवाना हुई। हालांकि, सिग्नल की तकनीकी गड़बड़ी के कारण ट्रेन गेवरा स्टेशन के बजाय कुसमुंडा की न्यू रेलवे साइडिंग में चली गई। यात्रियों और ट्रेन चालक को स्थिति का पता चलने पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही बिलासपुर जोनल हेडक्वार्टर और डिवीजन कार्यालय ने तत्काल जांच शुरू की। मुख्य वाणिज्य प्रबंधक अनुराग कुमार सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सिग्नल गड़बड़ी को कारण माना गया है, और मामले की विस्तृत जांच के आदेश दिए गए हैं। निलंबित स्टेशन मास्टरों पर लापरवाही का आरोप है। इस घटना ने रेल संचालन में सुरक्षा और तकनीकी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
