सरपंच की निष्क्रियता से परेशान ग्रामीणों ने खुद संभाली कमान, श्रमदान से सुधारी कीचड़ भरी सड़क

अटल चौक पर ग्रामीणों ने चलाया सफाई और सड़क मरम्मत अभियान, उपसरपंच व पंचों ने भी श्रमदान कर दिया साथ

कोरबा/झाबर। ग्राम पंचायत झाबर में सड़क की बदहाली और मूलभूत समस्याओं को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी सामने आई है। ग्रामीणों का आरोप है कि अटल चौक की जर्जर और कीचड़ भरी सड़क की समस्या से पंचायत को कई बार अवगत कराने के बावजूद ठोस पहल नहीं हुई।

इसके बाद ग्रामीणों ने स्वयं कमान संभालते हुए श्रमदान कर सड़क की मरम्मत और स्वच्छता अभियान चलाया।

ग्रामीणों के मुताबिक अटल चौक की बदहाल सड़क के कारण राहगीरों, स्कूली बच्चों और बुजुर्गों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। बार-बार समस्या बताने के बाद भी समाधान नहीं होने पर ग्रामीणों ने आपसी सहयोग से सड़क को दुरुस्त करने का निर्णय लिया।

उपसरपंच और पंचों ने भी किया श्रमदान
इस अभियान में ग्राम पंचायत के उपसरपंच और कई पंचों ने भी ग्रामीणों के साथ मिलकर श्रमदान किया। सड़क की मरम्मत के साथ आसपास के क्षेत्र में साफ-सफाई भी की गई। ग्रामीणों ने कहा कि पंचायत स्तर पर आवश्यक कार्य समय पर नहीं होने की स्थिति में वे गांव की समस्याओं के समाधान के लिए सामूहिक रूप से प्रयास करते रहेंगे।

श्रमदान अभियान में उपसरपंच प्रिया निलेश साहू, पंच गोपाल कौशिक, ललिता बाई, विजय कंवर और अमर सिंह कंवर सहित ग्रामीण एवं समाजसेवी जन्मेजय सिंह कंवर, मोहपाल कंवर, हरि कंवर, देवेंद्र महराज, प्रदीप महंत, हेमन नेटी, नोनी बाई कंवर, कौशल्या मरपच्ची, अहिल्या ऊईके, बिमला कोर्राम, दुलारो बाई सहित अन्य ग्रामीण शामिल रहे।

आगे भी श्रमदान जारी रखने का संकल्प
सड़क मरम्मत और साफ-सफाई के बाद ग्रामीणों ने पंचायत की कार्यप्रणाली को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की।

ग्रामीणों का कहना है कि गांव के विकास और मूलभूत सुविधाओं से जुड़े कार्यों के लिए वे आगे भी एकजुट होकर श्रमदान करते रहेंगे।

ग्रामीणों के इस कदम को पंचायत स्तर पर लंबित समस्याओं को लेकर सामूहिक पहल और स्थानीय भागीदारी के रूप में देखा जा रहा है।