कोरबा जिले में जिला खनिज संस्थान न्यास (डीएमएफ) के तहत एक साल पहले नियुक्त 26 संविदा कर्मचारियों को सेवा समाप्ति का नोटिस जारी किया गया है।
यह नोटिस कार्यालय उप संचालक, पशु चिकित्सा सेवाएं, कोरबा के आदेश दिनांक 12.12.2024 के तहत जारी किया गया, जिसमें बताया गया कि इन कर्मचारियों की सेवा 31 मई 2025 को समाप्त हो जाएगी।
इस खबर से सहायक पशु चिकित्सा क्षेत्र अधिकारी के पद पर कार्यरत इन युवक-युवतियों में हड़कंप मच गया है और वे अपने भविष्य को लेकर चिंतित हैं।
जानकारी के अनुसार, इन 26 कर्मचारियों को 11.12.2024 के प्रशासकीय आदेश के तहत विभिन्न पशु चिकित्सा संस्थाओं में नियुक्त किया गया था। ये कर्मचारी टीकाकरण, बधियाकरण, पशु उपचार और कृत्रिम गर्भाधान जैसे महत्वपूर्ण कार्यों में योगदान दे रहे थे। नोटिस मिलने के बाद इन्होंने अपनी सेवावृद्धि के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से ऑनलाइन आवेदन के माध्यम से गुहार लगाई है।
कर्मचारियों का कहना है कि उनकी सेवा समाप्त होने से पशु चिकित्सा सेवाएं बाधित होंगी और संस्थाएं रिक्त हो जाएंगी। साथ ही, उन्हें और उनके परिवारों को बेरोजगारी व आर्थिक संकट का सामना करना पड़ेगा।
उन्होंने पिछले एक साल में अपने कर्तव्यों का पूरी जिम्मेदारी से निर्वहन करने का दावा करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार युवाओं के कौशल विकास और रोजगार के प्रति संवेदनशील है।
उन्होंने मुख्यमंत्री, जो स्वयं पशु चिकित्सा संसाधन विभाग के मंत्री हैं, से विभाग की आवश्यकता और उनकी परेशानी को देखते हुए सेवा वृद्धि की मांग की है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
