पीएम ग्राम सड़क योजना के चौथे चरण में 162 किमी की 55 सड़कें स्वीकृत,कचरा संग्रहण से जुड़ी स्व- सहायता समूहों की 644 महिलाओं को मिलेगा आय बढ़ाने का अवसर
कोरबा। घर-घर से एकत्र होने वाला प्लास्टिक कचरा अब कोरबा के दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कों के निर्माण में उपयोग किया जाएगा। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के चौथे चरण में जिले में लगभग 162 किलोमीटर लंबी 55 सड़कें स्वीकृत की गई हैं। इन सड़कों के निर्माण में डामर के साथ तकनीकी मानकों के अनुरूप अपशिष्ट प्लास्टिक का उपयोग किया जाएगा। इसके लिए लगभग 61 टन प्लास्टिक सामग्री की आवश्यकता होगी।
कलेक्टर कुणाल दुदावत ने कहा कि प्लास्टिक कचरे का उचित उपयोग ग्रामीण विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण का भी अवसर है। कोरबा, करतला, पोड़ी-उपरोड़ा और पाली विकासखंड के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में स्वीकृत सड़कों का निर्माण प्रारंभ हो गया है और फिलहाल मिट्टी संबंधी कार्य किए जा रहे हैं। सड़कों के निर्माण से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन सुगम होने के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंच बेहतर होगी।
उन्होंने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में घर-घर कचरा संग्रहण से जुड़ी स्व-सहायता समूह की महिलाओं का श्रम इस पहल की महत्वपूर्ण कड़ी बन सकता है। संबंधित विभागों को सड़क निर्माण के लिए निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुसार प्लास्टिक की छंटाई, तैयारी और आपूर्ति में समन्वय रखने के निर्देश दिए गए हैं।
कलेक्टर ने कहा कि सड़क निर्माण के साथ कचरा प्रबंधन को बेहतर बनाने और स्व-सहायता समूह की महिलाओं को आर्थिक लाभ से जोड़ने की दिशा में भी कार्य किया जाना चाहिए।
62 हजार घरों से रोजाना जुटाया जाता है कचरा
नगर पालिक निगम कोरबा क्षेत्र में लगभग 62 हजार घरों से प्रतिदिन कचरा संग्रहण किया जाता है। इस कार्य से स्व-सहायता समूहों की 644 महिलाएं जुड़ी हैं। घरों से एकत्र कचरा 16 एमआरएफ केंद्रों में पहुंचाया जाता है, जहां प्लास्टिक सहित विभिन्न प्रकार के कचरे का पृथक्करण किया जाता है। उपयोगी सामग्री को अलग कर उसका विक्रय भी किया जाता है।
उपलब्ध जानकारी के अनुसार, प्रतिदिन लगभग 155 टन कचरा एकत्र होता है। इसमें करीब 40 प्रतिशत सूखा और 60 प्रतिशत गीला कचरा शामिल है। प्रतिदिन लगभग चार से पांच टन प्लास्टिक भी एकत्र होता है। सड़क निर्माण के लिए उपयोगी प्लास्टिक की छंटाई और आपूर्ति से कचरा संग्रहण एवं पृथक्करण से जुड़ी महिलाओं की आय के अवसर बढ़ सकते हैं।
कचरा प्रबंधन के साथ पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा
प्लास्टिक कचरे को अन्य कचरे से अलग कर उपयोगी सामग्री के रूप में तैयार करने से खुले में बिखरने वाले प्लास्टिक को कम करने में मदद मिलेगी। गुणवत्ता और उपयोगिता के आधार पर प्लास्टिक का उपयोग सड़क निर्माण के अलावा अन्य उत्पादों के निर्माण में भी किया जा सकता है।
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के कार्यपालन अभियंता सी.एस. तंवर ने बताया कि स्वीकृत सड़कों के निर्माण के लिए लगभग 61 टन अपशिष्ट प्लास्टिक की आवश्यकता होगी। निर्धारित प्रक्रिया के तहत उपयुक्त प्लास्टिक को तैयार कर डामर के साथ उपयोग किया जाएगा। इसके लिए सामग्री उपलब्ध कराने के संबंध में कलेक्टर को मांग भेजी गई है।
इस पहल से एक ओर ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क संपर्क मजबूत होगा, वहीं दूसरी ओर घर-घर कचरा संग्रहण से जुड़ी महिलाओं के श्रम को आर्थिक अवसर से जोड़ने तथा प्लास्टिक कचरे के बेहतर प्रबंधन में मदद मिलेगी।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
