गेवरा में जॉइंट कंसीडरिंग कमेटी की बैठक 1 घंटे में खत्म, सदस्यों ने किया बहिष्कार

कोरबा । साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) गेवरा क्षेत्र में गुरुवार को आयोजित जॉइंट कंसीडरिंग कमेटी की बैठक महज 1 घंटे में समाप्त हो गई। विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि और विभागाध्यक्षों की मौजूदगी में शुरू हुई बैठक का सदस्यों ने अधिकारियों के असंतोषजनक रवैये के कारण बहिष्कार कर दिया।

एचएमएस के दीपक उपाध्याय ने बताया कि बैठक में पानी की समस्या और इसके समाधान जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा होनी थी, लेकिन प्रबंधन और अधिकारियों ने ठोस जवाब देने के बजाय “देखेंगे” और “कुछ कर सकते हैं” जैसे अस्पष्ट उत्तर दिए। अधिकारियों के इस रवैये से नाराज सदस्यों ने आगे चर्चा में रुचि नहीं दिखाई और बैठक छोड़कर चले गए।

बैठक में उठाए गए मुद्दों पर ठोस समाधान के लिए अब अगली तारीख तय की गई है। सदस्यों ने प्रबंधन से भविष्य में गंभीरता और जवाबदेही की अपेक्षा जताई है।