कुम्हारीसानी में हाथी उत्पात, ग्रामीण की जान ले ली

कोरबा। कटघोरा वन मंडल के पसान रेंज में मानव हाथी द्वंद जारी है। यहां हाथी उत्पात की घटना में एक ग्रामीण की दर्दनाक मौत हो गई। ग्राम पंचायत कुम्हारी सानी में एक उपद्रवी हाथी ने रामदयाल नामक व्यक्ति को पैरों तले कुचल दिया। इस घटना के बाद लोगों में आक्रोश है, वहीं वन विभाग चिंतित है।


बताया गया कि घटना के दौरान मृतक रामदयाल जंगल में काम कर रहा था। मरवाही से भटक कर आया एक उपद्रवी हाथी ने उन पर हमला कर दिया। मौके पर ही ग्रामीण की मौत हो गई।

हाथी की चिंघाड़ काफी दूर तक सुनी गई जिससे लोगों ने अंदाज लगाया कि जंगल में बड़ी घटना हुई है। रामदयाल का ख्याल आने पर उन्होंने कुछ घंटे बाद वन अमले के साथ खोजबीन की तब वह मृत पाया गया।

वन विभाग ने शुरूआती राहत के तौर पर मृतकों के परिजनों को 25 हजार की सहायता दी है जबकि अन्य औपचारिकता के बाद 5 लाख 75 हजार का भुगतान किया जाएगा।

कटघोरा वनमण्डल में पहले से ही लगभग 100 हाथियों की मौजूदगी है, जो अलग-अलग झुंड में विचरण कर रहे हैं और ग्रामीणों के घरों और फसलों का नुकसान कर रहे हैं। इसके बावजूद वन विभाग महज निगरानी के अलावा कुछ नहीं कर पा रहा है।