दिवंगत पत्रकारों की स्मृति में लगा शिविर

175 का स्वास्थ्य परीक्षण, 30 ने किया रक्तदान

कोरबा। जिले के दिवंगत पत्रकार रमेश पासवान और विजय सिंह की स्मृति में प्रेस क्लब परिसर में स्वास्थ्य शिविर लगा।

175 लोगों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराया जबकि 30 लोग रक्तदान करने आगे आए। यहां से प्राप्त रक्त मेडिकल कॉलेज अस्पताल में गंभीर श्रेणी के मरीजों को उपलब्ध कराया जाएगा। 


ब्लड डोनेशन कैंप के आयोजन में मेडिकल कॉलेज अस्पताल के टीम के साथ ही रेड क्रॉस समिति का सहयोग रहा। जिसके अध्यक्ष रामसिंह अग्रवाल यहां मौजूद थे। श्री अग्रवाल ने पत्रकार स्व. विजय सिंह से जुड़े अनुभव सुनाए और उनकी क्षमता की प्रशंसा की। रामसिंह ने बताया कि पासवान और सिंह दोनों ही जिले के बेजोड़ पत्रकार थे। जो हमेशा ही अंतिम पंक्ति के व्यक्ति की बात करते थे। यह अच्छी बात है कि उन्हें प्रेस क्लब ने याद रखा है और उनकी स्मृति में प्रत्येक वर्ष स्वास्थ्य की दिशा में एक अच्छा काम हो रहा है। इससे लोगों को प्रेरणा लेनी चाहिए।

चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष योगेश जैन ने प्रेस क्लब के इस आयोजन की सराहना की और कहा कि इससे दूृसरे संगठनों को प्रेरणा लेना चाहिए।

मेडिकल कॉलेज अस्पताल के उप अधीक्षक डॉ रविकांत जटवार, जिला आयुर्वेद अधिकारी डॉ उदय शर्मा, आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी डॉ दिवाकर त्रिपाठी ने भी अपनी बात रखी। इस अवसर पर सामाजिक कार्यकर्ता हरवीर सिंह होरा द्वारा 100वीं बार रक्तदान करने के लिए सम्मान किया गया।

कार्यक्रम में प्रेस क्लब अध्यक्ष राजेन्द्र जायसवाल सहित पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित थे।