नेटवर्क ठीक करे बीएसएनएल, होती है परेशानी

टीएसी की बैठक में दिनेश सोनी ने रखी बात

कोरबा। बीएसएनएल दूरसंचार सलाहकार समिति की बैठक बिलासपुर में आयोजित हुई। 25 अप्रैल को आयोजित इस बैठक में कोरबा लोकसभा क्षेत्र की सांसद श्रीमती ज्योत्सना चरणदास महंत की ओर से दिनेश सोनी सम्मिलित हुए।

दिनेश सोनी ने सांसद द्वारा दिए गए प्रस्ताव को बैठक में रखा और शीघ्र उस पर क्रियान्वयन किए जाने हेतु जोर दिया। इसके अतिरिक्त बीएसएनएल उपभोक्ताओं की सुविधा को अधिक से अधिक बढ़ाए जाने पर विशेष जोर दिया।


श्री सोनी ने कहा कि कोरबा लोकसभा क्षेत्र के शहर इलाकों में जहां बीएसएनल का नेटवर्क कई बार कमजोर हो जाता है तो दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में इसकी सुविधा अपेक्षाकृत उपलब्ध नहीं होने के कारण संचार सुविधा का लाभ ग्रामवासियों को नहीं मिल पाता है।

बीएसएनल को अपने नेटवर्क के साथ-साथ टैरिफ के मामले में भी राहत देने की जरूरत है। बीएसएनएल अपनी व्यवस्थाओं को चुस्त-दुरुस्त करे ताकि जनता के बीच विश्वास को और मजबूत किया जा सके व बीएसएनल कंपनी को लाभ हो।

कोरबा सांसद ने महाप्रबंधक बीएसएनएल से विभिन्न बिंदुओं को इस बैठक में शामिल करने पत्र लिखा, जिसे दिनेश सोनी ने प्रस्तुत किया।

बैठक में बीएसएनएल की तरफ से नीतेश कुमार श्रीवास्तव महाप्रबंधक व्यावसायिक क्षेत्र बिलासपुर, मुकेश श्रीवास्तव आंतरिक वित्त सलाहकार बिलासपुर, सुमन कुजूर परिचालन क्षेत्र सरगुजा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।


इन क्षेत्रों में चाहिए बीएसएनएल टॉवर
बीएसएनएल को सुझाव दिया गया कि हाथी प्रभावित गांव चोटिया, सिरमिना, दमऊकुंडा, सलिहाभाठा, एतमानगर, सरभोका, बंजारी, आमाटिकरा, अमझर, परला, पसान, मोरगा, केंदई, गुरसियां आदि गांव एवं रामपुर विधानसभा के पसरखेत, जिल्गा, कुदमुरा, बरपाली, लेमरू आदि में बीएसएनएल का टावर लगवाया जाए।

कोरबा जिले के पर्यटन स्थल सतरेंगा, केंदई, बुका, चैतुरगढ़, देवपहरी जैसे स्थलों में नेटवर्क न होने के समान है, यहाँ बीएसएनएल टावर की सुविधा प्रदान की जाए।

कोरबा जिले के धार्मिक स्थल मड़वारानी पहाड़ के ऊपर पहाडग़ांव, मातिन दाई मंदिर आदि स्थलों में बीएसएनएल टावर की सुविधा प्रदान की जाए।