कबाड़ दुकान की आड़ में जमीन हथियाई, निगम ने चलाया बुलडोजर 

कोरबा। अमरैयापारा के मुख्य मार्ग पर संचालित कबाड़ दुकान के खिलाफ नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्यवाही की। इसके अंतर्गत व्यापारी द्वारा किए गए अवैध अतिक्रमण पर जेसीबी चलाकर बेजा कब्जा से मुक्त कराया गया।


नगर निगम एवं पुलिस की संयुक्त टीम बनाकर कबाड़ का व्यवसाय कर रहे व्यक्ति के अवैध अतिक्रमण को जेसीबी लगाकर हटाया गया। इस दौरान नगर निगम के अधिकारी ने बताया कि उच्च अधिकारियों के निर्देश पर यह कार्यवाही की जा रही है।

शहर में लगातार अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्यवाही जारी है। उन्होंने आगे बताया कि बायपास रोड रामनगर मोड़ से आम रोड तक संचालित कबाड़ दुकान को हटाने के संबंध में सुशासन त्यौहार में शिकायत मिली थी। इसके आधार पर व्यवसायी को पहले अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए थे।

लेकिन उसने कोई कार्यवाही नहीं की और सडक़ से लगे सामान को नहीं हटाया। इसके बाद पुलिस और निगम की संयुक्त टीम ने दोबारा मौके पर पहुंचकर कार्यवाही की।

इससे पहले संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए झगरहा में मदन अग्रवाल के कबाड़ ठिकाने से उस हिस्से को हटा दिया गया जो मुख्य मार्ग तक फैला दिया गया था और इससे लोगों को आने-जाने में समस्या हो रही थी। निगम ने कहा है कि जहां भी ऐसे मामले प्रकाश में आएंगे, त्वरित कार्रवाई की जाएगी।