कटघोरा में महिला तहसीलदार के साथ अभद्रता, अधिवक्ता के खिलाफ FIR दर्ज

कोरबा। कटघोरा में तहसील कार्यालय में महिला तहसीलदार के साथ अभद्र व्यवहार का मामला सामने आया है। तहसीलदार की शिकायत पर अधिवक्ता सुधीर मिश्रा के खिलाफ कटघोरा थाने में FIR दर्ज की गई है। कटघोरा थाना प्रभारी धर्मनारायण तिवारी ने बताया कि तहसीलदार के चेंबर में शोरगुल और अभद्र टिप्पणी करने के मामले में अधिवक्ता के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।

जानकारी के अनुसार, सुधीर मिश्रा तहसील कार्यालय में शोर मचाने और अभद्र टिप्पणियां कर रहे थे। महिला तहसीलदार ने उन्हें ऐसा व्यवहार न करने की समझाइश दी, लेकिन अधिवक्ता नहीं माने और तहसीलदार के साथ अभद्रता करते हुए हंगामा करने लगे। मौके पर मौजूद अन्य राजस्व कर्मचारियों और अधिकारियों ने उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने उनके साथ भी उदंड व्यवहार किया।

इसके बाद कटघोरा एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार और अन्य राजस्व अधिकारी कटघोरा थाने पहुंचे और अधिवक्ता के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई।

थाना प्रभारी ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच शुरू कर दी गई है। यह घटना न केवल कार्यालयीन अनुशासन के उल्लंघन को दर्शाती है, बल्कि सरकारी अधिकारियों के साथ अभद्र व्यवहार की गंभीरता को भी उजागर करती है। स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर चर्चा है और वे दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।