प्यार में धोखा मिलने पर आदिवासी नाबालिग लड़की ने फांसी लगाकर दे दी जान, परिजनों ने लगाई न्याय की गुहार

कबीरधाम। पंडरिया थाना क्षेत्र के दुल्लापुर गांव से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक आदिवासी नाबालिग लड़की ने प्यार में धोखा मिलने के बाद फांसी लगाकर आत्महत्या करने की कोशिश की। गंभीर हालत में उसे बिलासपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन शुक्रवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

परिजनों का आरोप है कि गांव के एक युवक ने उनकी बेटी को शादी का झांसा देकर उसका शारीरिक शोषण किया। युवक ने बाद में किसी दूसरी लड़की से शादी कर ली, जिसके सदमे में नाबालिग ने आत्मघाती कदम उठाया। परिजनों ने बताया कि उनकी बेटी उक्त युवक से प्रेम करती थी, लेकिन धोखे ने उसे इस कदर तोड़ दिया कि उसने अपनी जान देने की कोशिश की।

घटना के बाद परिजन इंसाफ की मांग कर रहे हैं और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गुहार लगा रहे हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है, लेकिन पीड़ित परिवार ने मीडिया के माध्यम से अपनी व्यथा साझा करते हुए त्वरित और कठोर कार्रवाई की मांग की है।