शादी का खाना खाने से 15 साल की बच्ची की मौत, चार अन्य की हालत गंभीर

बालोद जिले में शादी समारोह में खाना खाने के बाद एक परिवार के पांच लोगों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। गंभीर हालत में सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान 15 साल की एक बच्ची की मौत हो गई। मृतिका की दो बहनों और दो बुआओं का इलाज रायपुर के अस्पताल में जारी है।

जानकारी के अनुसार, बालोद नगर के आमापारा निवासी यह परिवार भिलाई के रिसाली भाटा में एक शादी समारोह में शामिल होने गया था। सभी ने वहां खाना खाया। समारोह से लौटते समय ट्रेन में अचानक उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। परिजनों ने तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन बच्ची की हालत गंभीर होने के कारण उसकी मृत्यु हो गई।

अन्य चार लोगों की हालत भी गंभीर बनी हुई है, और उन्हें बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है। पुलिस और स्वास्थ्य विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है, ताकि खाने में किसी तरह की गड़बड़ी या अन्य कारणों का पता लगाया जा सके।