नियमितीकरण कराने बजरंगबली की शरण में आए पंचायत सचिव

कोरबा। जिले में पंचायत सचिवों की लंबित मांगों को लेकर जारी हड़ताल के बीच 12 अप्रैल को हनुमान जयंती का पर्व धार्मिक श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। जनपद पंचायत पौड़ी-उपरोड़ा में हड़ताल पर बैठे पंचायत सचिवों ने सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ कर धरना स्थल को भक्ति भाव से सराबोर कर दिया। 

सचिवों ने भगवान हनुमान से अपनी मांगों के शीघ्र समाधान के लिए प्रार्थना की और धरना स्थल को विशेष रूप से सजाकर धार्मिक गीतों के साथ पर्व मनाया।

कार्यक्रम के पश्चात सभी प्रदर्शनकारियों और उपस्थित ग्रामीणों को प्रसाद वितरित किया गया। पंचायत सचिव संघ के ब्लॉक अध्यक्ष मोहम्मद हसन ने बताया कि यह आयोजन केवल धार्मिक आस्था नहीं, बल्कि आंदोलन को आत्मबल देने का एक माध्यम भी है।

इस अवसर पर ब्लॉक सचिव राजेंद्र कुमार पेंद्रो, जिला सचिव राजकुमार रजक, उपाध्यक्ष मोहन सिंह श्याम, कोषाध्यक्ष चतुर्भुज सिंह, प्रवक्ता ममता कश्यप, महामंत्री देव कुमार, मीडिया प्रभारी दिलीप सिंह, प्रमुख सलाहकार त्रिभुवन सिंह व मोतीलाल कोराम मौजूद रहे।