पूजा घर में निकला 10 फीट लंबा किंग कोबरा, रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ा

केसला गांव में सांप देखकर मची हलचल, नोवा नेचर सोसाइटी की टीम ने किया सुरक्षित रेस्क्यू

कोरबा।वन मंडल कोरबा के अंतर्गत केसला गांव में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक ग्रामीण के घर के पूजा घर में करीब 10 फीट लंबा किंग कोबरा दिखाई दिया।

विशालकाय सांप को देखकर परिवार के लोग घबरा गए और तत्काल इसकी सूचना दी गई।

जानकारी के अनुसार केसला निवासी मंगतराम के घर के पूजा घर में किंग कोबरा मौजूद था। घर में सांप होने की सूचना मिलते ही परिवार के लोगों में दहशत फैल गई।

मंगतराम ने इसकी जानकारी नोवा नेचर सोसाइटी को दी।

जितेंद्र सारथी ने किया रेस्क्यू
सूचना मिलने पर नोवा नेचर सोसाइटी के प्रमुख जितेंद्र सारथी अपने सहयोगी के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने सावधानीपूर्वक किंग कोबरा को रेस्क्यू किया। पूरी कार्रवाई वन विभाग के अधिकारियों की देखरेख में की गई।

रेस्क्यू के दौरान सांप को किसी प्रकार की चोट न पहुंचे, इसका विशेष ध्यान रखा गया। सुरक्षित रेस्क्यू के बाद किंग कोबरा को उसके प्राकृतिक रहवास में छोड़ दिया गया।

विशालकाय किंग कोबरा को देखने के लिए मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई थी। सफल रेस्क्यू के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। वन विभाग एवं रेस्क्यू टीम ने लोगों से अपील की कि घर या आसपास सांप दिखाई देने पर उसे पकड़ने या मारने का प्रयास न करें, बल्कि तत्काल विशेषज्ञ रेस्क्यू टीम या वन विभाग को सूचना दें।