पुलिस ने OTP, फर्जी लिंक और KYC अपडेट के नाम पर होने वाली ठगी से किया सतर्क
कोरबा। बढ़ते साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से पुलिस द्वारा लगातार साइबर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में ओरिएंटल कॉलेज ऑफ नर्सिंग, मानिकपुर में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कॉलेज के डायरेक्टर आरके गर्ग, प्राचार्या श्रीमती रचना सिंह सहित करीब 120 छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में निरीक्षक एवं साइबर सेल प्रभारी ललित कुमार चंद्रा तथा साइबर सेल से वीरेकेश्वर प्रताप सिंह ने विद्यार्थियों को वर्तमान समय में बढ़ रहे साइबर अपराधों और ऑनलाइन ठगी के विभिन्न तरीकों की विस्तार से जानकारी दी।
अलग-अलग तरीकों से ठगी करते हैं साइबर अपराधी
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि साइबर अपराधी किस तरह लोगों को अपनी बातों में उलझाकर अलग-अलग माध्यमों से ठगी का शिकार बनाते हैं। विद्यार्थियों को OTP फ्रॉड, फर्जी लिंक, फर्जी कस्टमर केयर नंबर, KYC अपडेट के नाम पर ठगी, ऑनलाइन शॉपिंग फ्रॉड और फर्जी निवेश जैसे साइबर अपराधों के बारे में जानकारी दी गई।
इस दौरान ठगों द्वारा अपनाए जाने वाले तौर-तरीकों को उदाहरण के माध्यम से समझाते हुए विद्यार्थियों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई।
OTP और बैंक संबंधी जानकारी साझा न करें
पुलिस ने छात्र-छात्राओं को विशेष रूप से समझाया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ OTP, ATM पिन, CVV, बैंक खाते की जानकारी, पासवर्ड या अन्य व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें। इसके अलावा अनजान या संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने और अज्ञात मोबाइल एप डाउनलोड करने से बचने की सलाह दी गई।
सोशल मीडिया अकाउंट की सुरक्षा और गोपनीयता को लेकर भी विद्यार्थियों को आवश्यक सावधानियां बताई गईं।
पुलिस ने कहा कि साइबर अपराध से बचने के लिए जागरूकता और सतर्कता सबसे महत्वपूर्ण है। थोड़ी सी सावधानी ऑनलाइन ठगी से होने वाले बड़े आर्थिक नुकसान से बचा सकती है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
