कोरबा/पाली।पाली थाना क्षेत्र के ग्राम नानपुलाली में मोटरसाइकिल से कीचड़ उछलने की बात को लेकर विवाद के बाद मां-बेटे से मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी रमेश पटेल के खिलाफ बीएनएस की धारा 115(2), 296 एवं 351(3) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार शिकायतकर्ता चंद्रिका पटेल (50) ने बताया कि 6 अगस्त की रात करीब 8 बजे उनका बेटा संजय पटेल मोटरसाइकिल से घर लौट रहा था। इसी दौरान मोटरसाइकिल से कीचड़ उछलने की बात को लेकर रमेश पटेल से विवाद हो गया।
आरोप है कि इसके बाद रमेश पटेल उनके घर के सामने पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए संजय के साथ मारपीट शुरू कर दी। बेटे को बचाने के लिए चंद्रिका पटेल बीच-बचाव करने पहुंचीं तो आरोपी ने कथित तौर पर उनके बाल पकड़कर जमीन पर पटक दिया और हाथ-मुक्के व लात से मारपीट की।
मां-बेटे को आई चोटें
मारपीट की घटना में चंद्रिका पटेल के शरीर के विभिन्न हिस्सों में चोटें आईं, जबकि उनके बेटे संजय के पेट और पीठ में चोट लगने की बात शिकायत में कही गई है। घटना को निलेश पटेल और अहिल्या पटेल द्वारा देखे जाने का उल्लेख भी शिकायत में किया गया है।
चोट गंभीर होने के कारण चंद्रिका पटेल को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उपचार के चलते वह तत्काल थाने में शिकायत दर्ज नहीं करा सकीं। अस्पताल से उपचार के बाद 11 अगस्त को पाली थाना पहुंचकर उन्होंने पुलिस को लिखित शिकायत दी।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी रमेश पटेल के खिलाफ संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर लिया है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े लोगों के बयान एवं अन्य तथ्यों की पड़ताल की जा रही है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
