बरमपुर और पोड़ीबहार में दो लोगों से लूट, अज्ञात आरोपियों की तलाश

डिलीवरी बॉय से मोबाइल व बुजुर्ग महिला के गले से सोने की माला झपटी

कोरबा।जिले में लूट की दो अलग-अलग घटनाओं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। बरमपुर में एक डिलीवरी बॉय को अज्ञात बदमाशों ने निशाना बनाया, वहीं पोड़ीबहार में खेत से घर लौट रही बुजुर्ग महिला के गले से सोने की माला झपटकर आरोपी फरार हो गए। दोनों मामलों में पुलिस ने अपराध दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

बरमपुर में डिलीवरी बॉय को बनाया निशाना
पुलिस के अनुसार कोसाबाड़ी निवासी शांति लाल राठौर (51) जोमैटो में डिलीवरी बॉय का काम करते हैं। 9 अगस्त की रात करीब 9.30 बजे वे बरमपुर में पार्सल पहुंचाने के बाद अपनी स्कूटी क्रमांक सीजी-12 बीटी-8821 से वापस कोरबा लौट रहे थे। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात व्यक्ति अचानक उनके पास पहुंचे और लूट की वारदात को अंजाम देने की बात सामने आई है।

घटना के संबंध में पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और घटनास्थल के आसपास संदिग्धों की जानकारी जुटा रही है।

पोड़ीबहार में वृद्धा के गले से सोने की माला झपटी
दूसरी घटना पोड़ीबहार क्षेत्र की बताई गई है। यहां खेत में काम करने के बाद सड़क की ओर आ रही पीतर बाई राठौर को दो अज्ञात लोगों ने निशाना बनाया। शिकायत के मुताबिक जैसे ही वह खेत से बाहर निकलीं, उसी दौरान दो व्यक्ति अचानक उनके पास पहुंचे। इनमें से एक ने उनके गले में पहनी आठ पत्ती वाली सोने की माला पर झपट्टा मारा और उसे लेकर फरार हो गया।

घटना के बाद पीड़िता घर पहुंचीं और अपने पति को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस को सूचना देकर शिकायत दर्ज कराई गई।

पीतर बाई राठौर की रिपोर्ट पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 304(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस दोनों घटनाओं में आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पतासाजी कर रही है। घटनाओं के संबंध में पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों की भी जांच कर रही है।