राष्ट्रीय पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में कोरबा के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन, 8 ने जीते पदक

पदक विजेता खिलाड़ियों का सम्मान, दिसंबर में अमृतसर में होने वाली वर्ल्ड चैंपियनशिप के लिए किया क्वालीफाई

कोरबा।नेशनल पावरलिफ्टिंग एसोसिएशन द्वारा आयोजित राष्ट्रीय पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में कोरबा जिले के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया। 6 से 9 अगस्त 2026 तक आयोजित प्रतियोगिता में जिले के 12 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया, जिनमें से 8 खिलाड़ियों ने पदक जीतकर वर्ल्ड चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई किया है।

प्रतियोगिता में कोरबा से सुरेश अनंत, रामबहादुर सोनी, इलिजाजर कुजूर, मनोज कुमार यादव, अभय बरेट, दीपक कुमार केंवट, आयुष यादव, मनीषा राजपूत, दीपक पटेल एवं रोहिन कुमार सहित खिलाड़ियों ने भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

वर्ल्ड चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई

राष्ट्रीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के बाद जिले के आठ खिलाड़ियों ने आगामी वर्ल्ड चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई किया है। यह प्रतियोगिता पंजाब के ऐतिहासिक शहर अमृतसर में 3 से 8 दिसंबर 2026 तक आयोजित होने जा रही है। कोरबा के खिलाड़ियों के चयन से खेल प्रेमियों में उत्साह है।

खिलाड़ियों का किया सम्मान

अपनी उपलब्धि के बाद पावरलिफ्टिंग संगठन के प्रदेश अध्यक्ष एवं कोच वेंकटेश केंवट के साथ खिलाड़ियों ने दीपका में नगर पालिका परिषद के प्रेसिडेंट-इन-काउंसिल सदस्य अविनाश सिंह से सौजन्य भेंट की। इस अवसर पर खिलाड़ियों की उपलब्धि के सम्मान में कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में दीपका थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू एवं भाजपा नेता अभिषेक सिंह ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनका मुंह मीठा कराया और स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया।

सम्मान समारोह में उपस्थित अतिथियों ने राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को बधाई दी और आगामी वर्ल्ड चैंपियनशिप के लिए शुभकामनाएं दीं। खिलाड़ियों ने भी सम्मान मिलने पर खुशी व्यक्त करते हुए आगामी प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने का संकल्प जताया।

कोरबा के खिलाड़ियों की इस उपलब्धि को जिले के खेल जगत के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। वर्ल्ड चैंपियनशिप में उनका प्रदर्शन न केवल व्यक्तिगत उपलब्धि होगी, बल्कि कोरबा और छत्तीसगढ़ के लिए भी गौरव का अवसर बनेगा।