बॉक्सिंग में देवेंद्र ने जीता स्वर्ण पदक

केवीएस नेशनल स्पोर्ट्स मीट में शानदार प्रदर्शन, स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के लिए चयनित

कोरबा।केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-2 एनटीपीसी के कक्षा 10वीं के होनहार छात्र एवं बॉक्सिंग खिलाड़ी देवेंद्र कंवर ने 55वीं केवीएस नेशनल स्पोर्ट्स मीट की अंडर-17 बॉक्सिंग स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। इस उपलब्धि के साथ देवेंद्र का चयन स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SGFI) के लिए हुआ है।

देवेंद्र की इस सफलता से विद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है। उनकी उपलब्धि पर केंद्रीय विद्यालय संगठन रायपुर के एसी रविन्द्र कुमार ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए देवेंद्र को बधाई दी और उनके उज्ज्वल खेल भविष्य की कामना की।

5 हजार रुपये से किया सम्मानित
देवेंद्र की उपलब्धि को प्रोत्साहित करने के लिए अनुसुइया गर्ल्स फाउंडेशन की ओर से शिक्षक अस्मित ओझा ने उन्हें 5 हजार रुपये का चेक प्रदान कर सम्मानित किया। वहीं विद्यालय की संस्कृत अध्यापिका मीनाक्षी शर्मा ने भी देवेंद्र को उपहार भेंट कर उनका उत्साहवर्धन किया।

विद्यालय परिवार ने देवेंद्र की सफलता को अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायी बताते हुए उनके आगामी प्रतियोगिताओं में भी बेहतर प्रदर्शन की शुभकामनाएं दीं।