शारदा विहार के आगे ग्रेविएंस पर मालगाड़ी का वेगन उतरा

कई घंटे बालको के ट्रैक पर आवाजाही बाधित

कोरबा। कोरबा नगर में शारदा विहार और टी.पी. नगर फाटक के बीच मानिकपुर खदान से बालको जा रही कोयले से भरी मालगाड़ी का छठवां डिब्बा पटरी से उतर गया।

मालगाड़ी का पहिया पटरी से उतरने के बाद कुछ दूर तक चलता रहा। इससे पटरी और पहिया दोनों डैमेज हो गए। कारण बताया जा रहा है कि इस ट्रैक पर ग्रेविएंस की स्थिति है और संभवत ट्रैक या व्हील के मेन्टेनेंस में कमी होने के कारण इस प्रकार की घटना हुई।


दोपहर 1 बजे के आसपास यह घटना हुई। मालगाड़ी के लोको पायलट को वैगन के पहिए उतरने का पता चला तो वह हरकत में आया और प्रबंधन को जानकारी दी। घटना के समय शारदा विहार फाटक बंद था। पटरी से उतरने के बाद मालगाड़ी फाटक के बीच में ही फंस गया।

घटना की जानकारी मिलते ही फाटक पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और सभी हंगामा मचाने लगे। शुरू में लोगों को पटरी से उतरने की जानकारी नहीं थी। गेटमेन ने जब इसकी जानकारी लोगों को दी तब जाकर मामला शांत हुआ।

स्थानीय लोगों के अनुसार, शारदा विहार फाटक में मालगाडिय़ों का परिवहन अधिक होता है। इससे फाटक लंबे समय तक बंद रहता है, जिससे लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ता है।

घटना के बाद बालको और रेलवे प्रबंधन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। मरम्मत कार्य तुरंत शुरू किया गया। दुर्घटना बालको की दूसरी लाइन पर हुई है। इस मार्ग पर कोयला परिवहन पूरी तरह रुक गया है।

इस घटना से रेलवे और बालको को आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ सकता है।