सरोवर-धरोहर पर 3 करोड़ खर्च करेगी नगर पालिका

76 करोड़ का बजट पेश किया अध्यक्ष ने

कोरबा। नगर पालिका परिषद कटघोरा ने निर्णय लिया है कि सरोवर-धरोहर से संबंधित कार्यों पर 3 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। नगर के लिए जो काम जरूरी है उसे भी प्राथमिकता दी जाएगी। नागरिक हितों का पूरा ख्याल रखा जाएगा।


नगर पालिका की पहली सामान्य सभा की बैठक में अध्यक्ष राज जायसवाल ने 76 करोड़ का बजट पेश किया। बजट में नगर विकास के कई प्रावधान किए गए हैं। बजट में अधोसंरचना कार्यों के लिए 10 करोड़, मुक्तिधाम के लिए 1 करोड़ 50 लाख खर्च का प्रावधान किया गया है।

पुष्पवाटिका का उन्नयन किया जाएगा। इसके लिए 1 करोड़ 50 लाख खर्च किए जाएंगे। नगर में खिलाडिय़ों के लिए खेल मैदान भी बनाया जाएगा। जिसके लिए बजट में 5 करोड़ खर्च करने की बात शामिल है। इसके अलावा डीएमएफ, विधायक मद और सांसद मद से भी विकास कार्यों को गति दी जाएगी।


सामुदायिक भवन निर्माण और गौरवपथ योजना के लिए 2-2 करोड़ खर्च किए जाएंगे। स्ट्रीट लाइट की समस्या को भी ध्यान में रखते हुए बजट में इसके लिए 1 करोड़ 80 लाख खर्च करने का प्रावधन रखा गया है। कटघोरा को स्वच्छ व साफ बनाने 50 लाख राशि खर्च की जाएगी।

शासन के हितकारी योजनाओं के संचालन व क्रियान्वयन के लिए 80 लाख खर्च किए जाएंगे। इसके अलावा कटघोरा में ग्रंथालय के लिए 1 करोड़ खर्च किए जाएंगे। नगर में एक भव्य आडिटोरियम भी बनाया जाएगा। इसके लिए 5 करोड़ की राशि खर्च की जाएगी चिकित्सालय चौक से रेस्ट हाउस तक सडक़ सौंदर्याकरण व बस्तर आर्ट से नगर को संवारा जाएगा। इसके लिए 6 करोड़ की राशि खर्च की जाएगी।

इस अवसर पर उपाध्यक्ष लालबाबू ठाकुर, पार्षद राजेश्वरी जात्रा, हरीश कुमार यादव, किशोर दिवाकर, राजूदास दीवान, मधुलता कश्यप, पवन अग्रवाल, संतोषी कंवर, संजय कुमार अग्रवाल, सुनीता जायसवाल, निशार अहमद, लक्ष्मी प्रसाद खैरवार, शिवमती पटेल, रमेश पटेल, अजय गर्ग, सांसद प्रतिनिधि भावना जायसवाल, विधायक प्रतिनिधि अमित जायसवाल, मुख्य नगर पालिका अधिकारी ज्ञानपुंज कुलमित्र, इंजीनियर अनिल राम, लेखापाल रब्बानी अली सहित अन्य उपस्थित थे।