पुलिस ने गणेश समितियों और डीजे संचालकों की बैठक लेकर दिए सुरक्षा निर्देश, नियमों की अनदेखी पर होगी कार्रवाई
कोरबा। गणेश उत्सव को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए कोरबा पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में गणेश समितियों एवं डीजे संचालकों की अलग-अलग बैठक लेकर सुरक्षा और कानून-व्यवस्था से जुड़े दिशा-निर्देश दिए गए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने गणेश पूजा आयोजकों को पंडालों में सीसीटीवी कैमरे, फायर एक्सटिंग्विशर, पर्याप्त प्रकाश और सुरक्षित विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पुलिस ने आयोजकों से कहा कि पंडालों में विद्युत वायरिंग की जांच कराई जाए तथा खुले एवं असुरक्षित तारों को तत्काल व्यवस्थित किया जाए। पंडाल इस तरह लगाए जाएं कि आम लोगों की आवाजाही और यातायात में किसी तरह की बाधा उत्पन्न न हो।
निर्धारित स्थल पर ही प्रतिमा विसर्जन
प्रतिमा विसर्जन के लिए प्रशासन एवं नगर निगम द्वारा निर्धारित मार्ग और स्थल का ही उपयोग करने के निर्देश दिए गए। पुलिस ने रात्रि में विसर्जन से बचने तथा विसर्जन के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने की हिदायत दी।
डीजे की आवाज और समय पर रहे नियंत्रण
डीजे संचालकों को निर्धारित डेसिबल सीमा और समय-सीमा का पालन करने के निर्देश दिए गए। पुलिस ने स्पष्ट किया कि ध्वनि सीमा या निर्धारित समय का उल्लंघन करने पर संबंधित संचालकों के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पंडालों से चलेगा साइबर जागरूकता अभियान
पुलिस ने गणेश पंडालों को साइबर जागरूकता का केंद्र बनाने की अपील की। आयोजकों से ओटीपी फ्रॉड, यूपीआई फ्रॉड, फर्जी केवाईसी, डिजिटल अरेस्ट और ऑनलाइन ठगी से बचाव संबंधी संदेश प्रदर्शित करने कहा गया। पुलिस ने बताया कि साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल 1930 पर शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।
नशे से दूर रहकर मनाएं उत्सव
पुलिस ने गणेश समितियों और नागरिकों से नशे से दूर रहकर अनुशासन एवं सामाजिक सद्भाव के साथ उत्सव मनाने की अपील की। साथ ही पुलिस-प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने कहा गया।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















