लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ के नारे के साथ भाजपा की पदयात्रा, हजारों कार्यकर्ता हुए शामिल

मंत्री देवांगन और जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने किया नेतृत्व, मतदाता सूची के पुनरीक्षण को लेकर कांग्रेस पर साधा निशाना

कोरबा। भारतीय जनता पार्टी जिला कोरबा की ओर से शुक्रवार को ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ नारे के साथ पदयात्रा निकाली गई। जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी के नेतृत्व में आयोजित इस पदयात्रा में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं की बड़ी संख्या में भागीदारी रही। कोसाबाड़ी स्थित हनुमान मंदिर से शुरू हुई पदयात्रा ओपन थिएटर मैदान पहुंचकर संपन्न हुई।

पदयात्रा में प्रदेश के उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन, जिला सह प्रभारी बृजेंद्र शुक्ला, विधायक प्रेमचंद पटेल, महापौर संजू देवी राजपूत सहित प्रदेश, जिला और मंडल स्तर के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए। पूरे मार्ग में कार्यकर्ताओं ने पार्टी के राजनीतिक संदेश और लोकतांत्रिक प्रक्रिया के समर्थन में नारे लगाए।

भाजपा की ओर से इस पदयात्रा को मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और वोट चोरी के आरोपों को लेकर चल रही राजनीतिक बहस के बीच आयोजित कार्यक्रम बताया गया। इसका उद्देश्य इन मुद्दों पर पार्टी का पक्ष जनता तक पहुंचाना रहा।

मतदाता सूची के पुनरीक्षण को बताया जरूरी
उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि कोरबा जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व के प्रति जनता के विश्वास को दर्शाती है।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के खिलाफ कांग्रेस नेताओं की बयानबाजी उनकी राजनीतिक हताशा को प्रदर्शित करती है।

भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने कहा कि मृत, स्थानांतरित और निवास बदल चुके मतदाताओं के नामों का सत्यापन करना गलत नहीं है। मतदाता सूची का शुद्धिकरण निष्पक्ष और पारदर्शी चुनावी प्रक्रिया के लिए आवश्यक है। उन्होंने कांग्रेस पर सत्ता में वापसी के लिए बेचैन होने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा का लक्ष्य विकसित भारत का निर्माण करना है। पार्टी की ताकत जनता का विश्वास और कार्यकर्ताओं की मेहनत है।

महापौर संजू देवी राजपूत ने कांग्रेस पर एसआईआर को राजनीतिक मुद्दा बनाकर जनता के बीच भ्रम फैलाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश का नेतृत्व करते रहेंगे।

भाजपा जिला प्रभारी बृजेंद्र शुक्ला ने कांग्रेस के वोट चोरी संबंधी आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस को दूसरों पर सवाल उठाने से पहले अपने राजनीतिक इतिहास पर नजर डालनी चाहिए।

पदयात्रा में सह संभाग प्रभारी रायपुर डॉ. राजीव सिंह, राज्य हाथकरधा संघ के अध्यक्ष भोजराम देवांगन, पूर्व महापौर जोगेश लांबा, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य मीना शर्मा, पूर्व जिलाध्यक्ष पवन गर्ग एवं मनोज शर्मा, नगर पंचायत छुरीकला अध्यक्ष पदमिनी प्रीतम देवांगन, नगर पालिका दीपका अध्यक्ष राजेंद्र राजपूत, नगर पालिका बांकीमोंगरा अध्यक्ष सोनी झा, जिला महामंत्री संजय शर्मा एवं अजय विश्वकर्मा, जिला कोषाध्यक्ष अजय पांडेय, ज्योतिनंद दुबे, पूर्व विधायक रामदयाल उईके, एमआईसी सदस्य नरेंद्र देवांगन एवं हितानंद अग्रवाल, मंजू सिंह, प्रफुल्ल तिवारी, योगेश जैन, लक्की नंदा, रुक्मणी नायर, रेणुका राठिया और सतीश झा सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए।