दो स्कूलों में शिक्षक बने कलेक्टर, बच्चों से हल कराए गणित के सवाल और पढ़वाए अंग्रेजी के पाठ

तरदा और सराईसिंगार की प्राथमिक शालाओं व आंगनबाड़ी केंद्रों का किया निरीक्षण, दो अनुपस्थित शिक्षकों को नोटिस जारी करने के निर्देश

कोरबा।कलेक्टर कुणाल दुदावत शुक्रवार को ग्राम तरदा और सराईसिंगार की प्राथमिक शालाओं में बच्चों के बीच पहुंचे। उन्होंने कक्षा में बैठकर विद्यार्थियों की पढ़ाई का जायजा लिया और स्वयं शिक्षक की भूमिका निभाते हुए ब्लैकबोर्ड पर गणित के सवाल लिखकर हल करवाए।

इसके साथ ही बच्चों से अंग्रेजी के पाठ पढ़वाए और उनका हिंदी में अनुवाद भी करवाया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने शैक्षणिक गतिविधियों, मध्यान्ह भोजन, सुबह के नाश्ते और स्कूलों में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली।

कलेक्टर ने दोनों स्कूलों में बच्चों से गणित के सवाल हल करवाए और सही जवाब देने वाले विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। अंग्रेजी के पाठ पढ़वाकर उनका हिंदी में अर्थ समझाने के माध्यम से उन्होंने बच्चों की पढ़ने और समझने की क्षमता परखी। उन्होंने तरदा प्राथमिक शाला की शिक्षिका को निर्देश दिए कि बच्चों को अंग्रेजी के पाठ पढ़ाने के साथ उनका अर्थ और अनुवाद भी सरल भाषा में समझाएं, ताकि विद्यार्थी विषयवस्तु को बेहतर ढंग से समझ सकें।

भोजन की गुणवत्ता और सुविधाओं पर जोर
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने दोनों स्कूलों में दर्ज एवं उपस्थित विद्यार्थियों की संख्या, गणवेश और पाठ्यपुस्तक वितरण की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने सुबह के नाश्ते और मध्यान्ह भोजन की व्यवस्था की समीक्षा करते हुए बच्चों को दिए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। साथ ही शैक्षणिक और पोषण संबंधी गतिविधियों का नियमित संचालन सुनिश्चित करने को कहा।

स्कूलों में आवश्यक निर्माण, मरम्मत और अन्य सुविधाओं से जुड़े कार्य शीघ्र पूरे कराने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए गए। निरीक्षण में बिना सक्षम अनुमति के अनुपस्थित पाए गए दो शिक्षकों को नोटिस जारी करने और आवश्यक विभागीय कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

कलेक्टर ने स्थानीय आंगनबाड़ी केंद्रों का भी निरीक्षण किया और वहां की व्यवस्थाओं में सुधार करने को कहा।

इस अवसर पर अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल, कटघोरा बीईओ, जनपद पंचायत के सीईओ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।