कोरबा।छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के 26वें वर्ष के अवसर पर 2 नवंबर को कोरबा के ओपन थिएटर परिसर में राज्योत्सव का आयोजन किया जाएगा। समारोह की तैयारियों का जायजा लेने जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतीक जैन आयोजन स्थल पहुंचे। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ व्यवस्थाओं की समीक्षा कर सभी तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।
सीईओ जैन ने मंच निर्माण, विद्युत व्यवस्था, साउंड सिस्टम, लाइटिंग, बैरिकेडिंग, दर्शक दीर्घा और वीआईपी बैठक व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कलाकारों के ठहरने, भोजन और आवास के साथ पेयजल, स्वास्थ्य सुविधा, स्वच्छता तथा सुरक्षा प्रबंधों की भी जानकारी ली।
उन्होंने आयोजन स्थल के प्रवेश और निकास मार्ग, पार्किंग तथा विभिन्न विभागों के स्टॉलों के लिए स्थान निर्धारित कर व्यवस्थित रूट प्लान तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्योत्सव प्रदेश की गौरवशाली यात्रा और उपलब्धियों को प्रदर्शित करने का अवसर है। इसलिए समारोह की सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित, सुरक्षित और गरिमापूर्ण ढंग से पूरी की जाएं।
निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल, ओंकार यादव सहित नगर निगम, लोक निर्माण विभाग, विद्युत, यांत्रिकी और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
