कलेक्टर ने समय-सीमा की बैठक में निर्माण कार्यों की समीक्षा की, सेजेस के अधूरे काम जल्द पूरे कराने के निर्देश
कोरबा। जिले में चल रहे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने समय-सीमा की बैठक में निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए स्पष्ट किया कि निर्धारित मापदंडों के विपरीत कार्य या गुणवत्ताविहीन सामग्री के उपयोग की पुष्टि होने पर जिम्मेदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। गंभीर अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध एफआईआर भी दर्ज कराई जाएगी।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करने तथा गुणवत्ता मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासकीय राशि से होने वाले निर्माण कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सेजेस के अधूरे कार्य जल्द होंगे पूरे
बैठक में कलेक्टर ने स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालयों (सेजेस) के अपूर्ण निर्माण एवं अन्य लंबित कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अधूरे कार्यों को शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए, ताकि विद्यार्थियों को आवश्यक सुविधाओं का लाभ मिल सके।
उन्होंने ग्राम पंचायतों में पूर्ण हो चुके निर्माण कार्यों के भुगतान प्रकरणों को भी अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखने कहा। पात्र प्रकरणों में नियमानुसार समय पर भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
कृषि और कौशल विकास योजनाओं की समीक्षा
कलेक्टर ने बैठक में प्राकृतिक खेती, किसान क्रेडिट कार्ड, ड्रोन दीदी प्रशिक्षण तथा कौशल विकास से जुड़ी योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने और प्रशिक्षण कार्यक्रमों को प्रभावी बनाने पर जोर दिया।
ई-ऑफिस और बायोमेट्रिक उपस्थिति अनिवार्य
बैठक में कार्यालयीन व्यवस्था को अधिक व्यवस्थित एवं पारदर्शी बनाने के लिए ई-ऑफिस, ई-एचआरएमएस और बायोमेट्रिक उपस्थिति को अनिवार्य रूप से लागू करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने समय पर कार्यालय पहुंचने वाले कर्मचारियों को प्रोत्साहित करने तथा शासकीय कार्यों में समयबद्धता बनाए रखने पर भी जोर दिया।
बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतीक जैन, नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय,अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















