ओपन थिएटर में आज सजेगा राज्योत्सव का मंच, लोकगायक सुनील सोनी देंगे प्रस्तुति

कोरबा। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन की ओर से आज 2 नवंबर को घंटाघर स्थित ओपन थिएटर में एक दिवसीय राज्योत्सव-2026 का आयोजन किया जाएगा। समारोह में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ छत्तीसगढ़ी लोकगीतों की गूंज सुनाई देगी। प्रसिद्ध लोकगायक सुनील सोनी अपनी प्रस्तुति देंगे।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश के वाणिज्य एवं उद्योग, आबकारी तथा श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन होंगे। लोकसभा सांसद श्रीमती ज्योत्सना चरणदास महंत समारोह की अध्यक्षता करेंगी। विशिष्ट अतिथियों के रूप में विधायक प्रेमचंद पटेल, विधायक फूलसिंह राठिया, विधायक तुलेश्वर मरकाम, जिला पंचायत अध्यक्ष पवन सिंह, महापौर संजू देवी राजपूत, नगर निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर और जिला पंचायत उपाध्यक्ष निकिता जायसवाल शामिल होंगे।

जिला प्रशासन के अनुसार, कार्यक्रम की शुरुआत शाम 4 बजे से स्थानीय कलाकारों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ होगी। शाम 7 बजे से मुख्य समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें लोकगायक सुनील सोनी छत्तीसगढ़ी लोकगीतों की प्रस्तुति देंगे।

आयोजन स्थल पर छत्तीसगढ़ी व्यंजनों के स्टॉल भी लगाए जाएंगे। इसके साथ ही विभिन्न शासकीय विभागों की ओर से विकास कार्यों और योजनाओं की जानकारी देने के लिए विभागीय प्रदर्शनी लगाई जाएगी।