कोरबा। दर्री पुलिस ने 1320 मेगावाट एचटीपीएस प्लांट के निर्माण स्थल से उपकरण चोरी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब एक लाख रुपये कीमत के चोरी गए उपकरण बरामद किए हैं।
आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, सिद्धि विनायक एसोसिएट्स फर्म के प्रतिनिधि सुधीर जैन ने चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी।
फर्म 1320 मेगावाट संयंत्र निर्माण स्थल पर सब-कॉन्ट्रैक्टर के रूप में कार्यरत है। शिकायत में बताया गया कि 29 अक्टूबर की रात अज्ञात चोरों ने कार्यस्थल से वेल्डिंग मशीन, ग्राइंडर, केबल और कटर मशीन सहित अन्य उपकरण पार कर दिए थे।
शिकायत के बाद दर्री पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर जांच शुरू की और मुखबिरों को सक्रिय किया। इस दौरान मिली सूचना के आधार पर रोहित शुक्ला और संदीप भोई को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में दोनों ने निर्माण स्थल से उपकरण चोरी करना स्वीकार किया।
आरोपियों के कब्जे से दो पुरानी वेल्डिंग मशीन, 14 इंच की चश्मा मशीन, 4 इंच की प्लाई कटर मशीन और ग्राइंडर सहित अन्य उपकरण बरामद किए गए। पुलिस ने दोनों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया।
पुल चोरी की घटना भी रही थी चर्चा में
कोरबा में इससे पहले कबाड़ चोरों द्वारा सिंचाई विभाग की नहर पर बने नगर निगम के पुल को काटकर ले जाने की घटना सामने आई थी। उस मामले में पुलिस ने 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया था। लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाएं औद्योगिक और सार्वजनिक परिसंपत्तियों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर रही हैं।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
